दिल्ली–मेरठ एक्सप्रेसवे पर बड़ा बदलाव: ABES कट रोज़ शाम 6–9 बजे बंद, NHAI का फैसला!

0

ऊर्जा राज्यमंत्री की पहल के बाद जाम व हादसों पर लगाम

गाज़ियाबाद–मेरठ रूट के यात्रियों को मिलेगी राहत

NEWS1UP

प्रभात अरोड़ा

गाजियाबाद/मेरठ। दिल्ली–मेरठ एक्सप्रेसवे पर जाम की समस्या अब एक नए प्रशासनिक फैसले के बाद कम होने की उम्मीद है। एनएचएआई (भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण) ने आदेश जारी करते हुए स्पष्ट किया है कि ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे (EPE) के ABES/CROSSING REPUBLIC कट को प्रतिदिन शाम 6 बजे से 9 बजे तक बंद रखा जाएगा, जिससे गाज़ियाबाद की ओर जाने वाले वाहनों को होने वाली भारी भीड़ से राहत मिल सके। 

ऊर्जा राज्यमंत्री डॉ सोमेंद्र तोमर

जाम की समस्या को हल कराने के लिए उत्तर प्रदेश के ऊर्जा राज्यमंत्री डॉ सोमेंद्र तोमर ने पहल करते हुए केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री  नितिन गडकरी से चर्चा कर समाधान की मांग की। मंत्री तोमर ने पत्र में स्पष्ट किया कि इस जंक्शन की संरचनात्मक स्थिति और ट्रैफिक पैटर्न तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था को आवश्यक बनाते हैं। पत्र प्राप्त होने के बाद केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) को तुरंत कार्रवाई करने का निर्देश दिया। इसी के परिणामस्वरूप यह बड़ा निर्णय लिया गया है, जो जल्द ही यात्रियों को राहत देने वाला है।

गौरतलब है कि गाजियाबाद निवासियों, विशेषकर क्रॉसिंग रिपब्लिक के लोगों की मांग पर पूर्व सांसद और केंद्रीय मंत्री जनरल वी के सिंह ने इस कट को खुलवाया था। हालांकि यह कट लोगों की सुविधा के लिए खोला गया था परंतु यह जाम का सेंटर पॉइंट बनकर रह गया। बीते अगस्त में इसी कट पर तेजी से गाड़ी निकालने के चलते एक ट्रैफ़िक सिपाही को हवा में उछाल दिया था जिसमें सिपाही की दर्दनाक मौत हो गयी थी।

गाज़ियाबाद कट पर सबसे ज्यादा फंसता था ट्रैफिक

मेरठ से दिल्ली की ओर आने वाला ट्रैफिक और दिल्ली से मेरठ की ओर जाने वाला ट्रैफिक, दोनों ही इस कट पर शाम के समय अत्यधिक जाम का कारण बनते थे। दैनिक कार्यालय समय के बाद वाहन संख्या अचानक बढ़ जाती है, जिससे यह पॉइंट एक बड़ा bottleneck बन जाता था।

50 हज़ार से अधिक वाहन प्रतिदिन करते हैं आवाजाही

यह मार्ग एनसीआर के सबसे व्यस्त रास्तों में शामिल है। प्रतिदिन लगभग 50 हज़ार से अधिक वाहन दिल्ली और मेरठ के बीच आवाजाही करते हैं, जबकि गाज़ियाबाद के लिए ईपीई कट से होकर जाने वाले वाहनों का दबाव शाम को कई गुना बढ़ जाता है।

एनएचएआई ने लिया निर्णायक कदम

बार–बार शिकायतें मिलने और जाम के कारण होने वाली यात्रियों की परेशानी को देखते हुए NHAI ने यह कदम उठाया है।
अब:

  • शाम 6 से रात 9 बजे तक ABES कट बंद रहेगा

  • गाज़ियाबाद जाने वाले वाहनों को वैकल्पिक मार्ग से डायवर्ट किया जाएगा

  • कट बंद होने से एक्सप्रेसवे की मुख्य लेन पर चलने वाले वाहनों को सुचारू गति मिलेगी

यूपी गेट कट खुला होने के बावजूद भी लगता था जाम

रिपोर्ट में बताया गया कि यूपी गेट कट उपलब्ध होने के बावजूद भी कई वाहन सीधे ABES कट से निकलने की कोशिश करते थे, जिससे अत्यधिक जाम लगता था। अधिकांश वाहन अचानक कट की ओर मुड़ते थे, जिससे रुकावट और दुर्घटना की आशंकाएँ बढ़ती थीं।

स्थानीय यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत

इस निर्णय से उन यात्रियों को सबसे अधिक राहत मिलेगी जो:

  • मेरठ से दिल्ली,

  • गाज़ियाबाद से दिल्ली,

  • या दिल्ली से मेरठ होते हुए ईपीई का उपयोग करते हैं।

विशेषकर प्रतिदिन अप-डाउन करने वाले ऑफिस–गोअर्स के लिए यह बड़ा सकारात्मक कदम माना जा रहा है।

एनएचएआई ने कहा सुरक्षा और सुचारू यातायात प्राथमिकता

प्राधिकरण ने स्पष्ट किया कि यह निर्णय यात्रियों की सुरक्षा और सड़क के बेहतर प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। कट खुला रहने पर मुख्य लेन में लगातार रुकावटें बनती थीं, जिससे न केवल जाम लगता था बल्कि हादसों की संभावना भी रहती थी।

दिल्ली–मेरठ एक्सप्रेसवे पर जाम से राहत देने के उद्देश्य से एनएचएआई का यह निर्णय यात्रियों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। ABES कट का तीन घंटे बंद रहना न केवल वाहनों के प्रवाह को सुचारू बनाएगा बल्कि सड़क सुरक्षा और यात्रा समय को भी बेहतर करेगा। यह फैसला इस क्षेत्र में ट्रैफिक प्रबंधन को नई दिशा देने की क्षमता रखता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!