जेवर एयरपोर्ट बनेगा यूपी का गेमचेंजर!
File photo
रोजगार सृजन में जेवर एयरपोर्ट बना नई उम्मीद
पश्चिमी यूपी की अर्थव्यवस्था को देगा नई उड़ान
NEWS1UP
भूमेश शर्मा
ग्रेटर नोएडा। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (NIA) उत्तर प्रदेश में विकास की नई इबारत लिखने जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में जेवर में बन रहा यह ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट न सिर्फ दिल्ली-एनसीआर की वैश्विक कनेक्टिविटी को बढ़ाएगा, बल्कि पश्चिमी यूपी की अर्थव्यवस्था को भी नई रफ्तार देगा। मुख्यमंत्री स्वयं परियोजना की प्रगति की निरंतर समीक्षा कर रहे हैं, ताकि एयरपोर्ट समय पर तैयार हो और जिन किसानों व परिवारों ने भूमि देकर इस महत्वाकांक्षी परियोजना को संभव बनाया है, उन्हें अधिकतम लाभ मिल सके।
PAF परिवारों के हित सर्वोपरि

यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के सीईओ राकेश कुमार सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री की पहल पर परियोजना प्रभावित परिवारों (PAF) को लाभान्वित करने के लिए विशेष कार्यक्रम लागू किए गए हैं। PPP मॉडल पर विकसित हो रही इस परियोजना में YIAPL और NIAL के नेतृत्व में टाटा प्रोजेक्ट्स, इंडियन ऑयल और बर्ड ग्रुप सहित 30 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियाँ शामिल हैं।
निर्माण कार्यों में अब तक 5,000 से अधिक लोगों को रोजगार मिल चुका है, जहाँ न्यूनतम मजदूरी, पीएफ, ईएसआई और ग्रेच्युटी जैसे सभी सरकारी लाभ उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
रोजगार और कौशल विकास के लिए बड़े कदम
PAF युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। जिसके अंतर्गत ऑनलाइन करियर पोर्टल पर 180 से अधिक युवाओं का पंजीकरण हुआ है। तीन भर्ती शिविरों में 300 से अधिक युवाओं की भागीदारी हुई है और 24 युवाओं को ऑफर लेटर जारी किए गए हैं।
कौशल विकास के लिए ITI जेवर को आधुनिक सुविधाओं से लैस कर पैसेंजर हैंडलिंग और रैंप ऑपरेशन जैसे कोर्स शुरू किए गए। प्रशिक्षित 28 में से 24 युवाओं को सफलतापूर्वक रोजगार मिल चुका है। इसके अलावा लगभग 100 युवाओं को इंग्लिश और सॉफ्ट स्किल्स की ट्रेनिंग भी प्रदान की गई है। सभी कार्यक्रमों की निगरानी NIAL, जिला प्रशासन और YIAPL की संयुक्त समिति द्वारा की जा रही है।
नेट-जीरो उत्सर्जन वाला वर्ल्ड-क्लास एयरपोर्ट
जेवर एयरपोर्ट देश के उन चुनिंदा हवाईअड्डों में शामिल होगा जो नेट-जीरो उत्सर्जन के लक्ष्य पर काम कर रहे हैं। स्विस दक्षता और भारतीय आतिथ्य का बेहतरीन मेल इस एयरपोर्ट को वैश्विक स्तर पर अलग पहचान देगा। पहले चरण में एयरपोर्ट की सालाना क्षमता 1.2 करोड़ यात्रियों की होगी। यह पश्चिमी यूपी के लिए एक बड़ा आर्थिक हब बनकर उभरेगा और लॉजिस्टिक्स, पर्यटन और उद्योगों को नई दिशा देगा।
पश्चिमी यूपी के विकास का नया केंद्र
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में तेजी से आगे बढ़ रही यह परियोजना सिर्फ एक हवाईअड्डा नहीं, बल्कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के व्यापक विकास का आधार बन रही है। रोजगार सृजन, कौशल विकास, आधुनिक बुनियादी ढाँचा और निवेश वृद्धि, इन सबके साथ जेवर एयरपोर्ट आने वाले वर्षों में यूपी के आर्थिक मानचित्र को पूरी तरह बदलने वाला है।
