February 10, 2026

म्यूजिक बंद, रफ्तार कम! कोहरे में ड्राइविंग को लेकर नोएडा प्रशासन की चेतावनी!

0
0
0

NEWS1UP

विशेष संवाददाता

नोएडा। सर्दियों के साथ ही कोहरे ने दस्तक दे दी है और सड़कों पर सफर अब पहले जितना आसान नहीं रहा। घना कोहरा न केवल दृश्यता घटा रहा है, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं का जोखिम भी कई गुना बढ़ा रहा है। इसी बढ़ते खतरे को देखते हुए नोएडा प्रशासन ने वाहन चालकों के लिए एक अहम एडवाइजरी जारी की है, जिसमें सावधानी और संयम को सबसे बड़ा हथियार बताया गया है।

सहायक क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी  उदित नारायण पांडेय का कहना है कि सर्दियों में कोहरा सड़कों पर एक अदृश्य दुश्मन की तरह होता है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा, “समय पर पहुंचना जरूरी हो सकता है, लेकिन जीवन उससे कहीं ज्यादा कीमती है। थोड़ी सी लापरवाही भारी नुकसान का कारण बन सकती है।”

जरूरत न हो तो यात्रा टालें, मजबूरी में धीमी रफ्तार अपनाएं

प्रशासन की सलाह है कि जब तक बेहद जरूरी न हो, कोहरे में यात्रा से बचें। अगर सफर टालना संभव न हो, तो वाहन को धीमी गति से चलाएं और पूरी तरह सतर्क रहें। घने कोहरे में अचानक सामने आ जाने वाली गाड़ी, पैदल यात्री या सड़क किनारे खड़ा वाहन हादसे का कारण बन सकता है।

म्यूजिक सिस्टम बंद रखें, आवाजें भी बन सकती हैं सहारा

एडवाइजरी में एक अहम लेकिन अक्सर नजरअंदाज की जाने वाली बात पर जोर दिया गया है, वाहन का म्यूजिक सिस्टम या एफएम रेडियो बंद रखें। इससे चालक आसपास की गाड़ियों के हॉर्न या इंजन की आवाज सुन सकेंगे, जो कम दृश्यता में चेतावनी का काम करती हैं। इसके साथ ही एसी के इस्तेमाल से बचने की सलाह दी गई है। एसी की जगह हल्का हीटर चलाएं और वेंटिलेशन के लिए शीशे थोड़े खुले रखें, ताकि शीशों पर धुंध न जमे।

हेडलाइट लो बीम पर रखें, हाई बीम बन सकती है परेशानी

कोहरे में हाई बीम लाइट उल्टा असर करती है और सामने की दृश्यता और कम हो जाती है। इसलिए वाहन की हेडलाइट हमेशा लो बीम पर रखें। अगर दिन में भी कोहरा बना रहे, तो लाइट जलाकर चलें। पीछे से आने वाले वाहनों को सतर्क करने के लिए जरूरत पड़ने पर हैजर्ड लाइट का इस्तेमाल किया जा सकता है।

सुरक्षित दूरी और धैर्य ही सुरक्षा की कुंजी

प्रशासन ने वाहन चालकों को आगे चल रहे वाहन से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सख्त सलाह दी है। कोहरे में ओवरटेक करने से बचें, क्योंकि सामने से आने वाला वाहन आखिरी वक्त में ही नजर आता है। गूगल मैप्स जैसे नेविगेशन ऐप रास्ते की जानकारी में मदद कर सकते हैं, लेकिन उन पर पूरी तरह निर्भर न रहें।

सड़क किनारे खड़े वाहनों से रहें सतर्क

कोहरे में अक्सर सड़क किनारे खड़े या खराब वाहन समय पर दिखाई नहीं देते और टक्कर का कारण बन जाते हैं। ऐसे में अतिरिक्त सतर्कता बेहद जरूरी है। नोएडा प्रशासन की यह एडवाइजरी साफ संदेश देती है, कोहरे में सावधानी ही सबसे बड़ी सुरक्षा है। थोड़ी सी सतर्कता, धीमी रफ्तार और सही फैसले न सिर्फ आपकी, बल्कि दूसरों की जान भी बचा सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!