भीषण गर्मी में बिजली संकट पर फूटा जनाक्रोश, दादरी बिजलीघर पर जड़ा ताला
सभासदों के नेतृत्व में सैकड़ों नागरिकों ने किया घेराव
चेतावनी: व्यवस्था नहीं सुधरी तो होगा बड़ा आंदोलन
NEWS1UP
संवाददाता
दादरी। भीषण गर्मी के बीच लगातार चरमराती बिजली व्यवस्था के खिलाफ शुक्रवार को दादरी में जनता का गुस्सा खुलकर सड़कों पर उतर आया। अघोषित बिजली कटौती, बार-बार हो रही ट्रिपिंग और घंटों बिजली गुल रहने से त्रस्त सैकड़ों नागरिक वार्ड संख्या-15 की सभासद निकिता विकल के नेतृत्व में बिजलीघर पहुंच गए। नाराज प्रदर्शनकारियों ने बिजलीघर का घेराव करते हुए कार्यालय पर ताला जड़ दिया और विभाग के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहीं सभासद निकिता विकल तथा वार्ड संख्या-5 की सभासद सीमा ने कहा कि नगरवासियों को पिछले कई दिनों से नियमित बिजली मिलना तो दूर, मुश्किल से पांच-छह घंटे ही सुचारु आपूर्ति मिल पा रही है। उमस और भीषण गर्मी ने लोगों का जीवन बेहाल कर दिया है। रातभर बिजली गुल रहने से लोग जागकर रातें काटने को मजबूर हैं। बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है, सुबह स्कूल जाने में परेशानी हो रही है, जबकि नौकरीपेशा लोगों की दिनचर्या पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गई है।

उन्होंने आरोप लगाया कि बिजली विभाग आम जनता की समस्याओं के प्रति पूरी तरह संवेदनहीन बना हुआ है। हालात ऐसे हैं कि जनप्रतिनिधियों की शिकायतों तक को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा। यदि निर्वाचित प्रतिनिधियों की बात नहीं सुनी जा रही, तो आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान की उम्मीद कैसे की जा सकती है।
ओवरलोड ट्रांसफार्मर और जर्जर व्यवस्था बनी परेशानी की जड़

सामाजिक कार्यकर्ता मोहित विकल ने कहा कि नगर की विद्युत व्यवस्था अपनी क्षमता से कहीं अधिक दबाव झेल रही है। अधिकांश ट्रांसफार्मर ओवरलोड हैं, जबकि कई स्थानों पर कम क्षमता के विद्युत उपकरण लगाए गए हैं। यही कारण है कि थोड़ी-सी मांग बढ़ते ही फीडर ट्रिप कर जाते हैं और पूरे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बाधित हो जाती है। उन्होंने कहा कि नगरवासियों को निर्बाध बिजली देना विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है, लेकिन वर्तमान व्यवस्था पूरी तरह विफल साबित हो रही है।
एसडीओ बोले, भीषण गर्मी में बढ़ी बिजली की मांग
इस संबंध में उपखंड अधिकारी दीपक कुमार ने बताया कि भीषण गर्मी के कारण बिजली की मांग सामान्य दिनों की तुलना में काफी बढ़ गई है। इसके चलते ट्रांसफार्मरों पर अतिरिक्त लोड पड़ रहा है, जिससे कई स्थानों पर ट्रिपिंग की समस्या उत्पन्न हो रही है। उन्होंने कहा कि बिजली विभाग लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं कि उपभोक्ताओं को न्यूनतम असुविधा हो तथा विद्युत आपूर्ति यथासंभव सुचारु बनी रहे।
व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन होगा तेज
प्रदर्शन में किरण देवी, संतोष भाटी, रविता भाटी, नेत्रपाल कटारिया, धर्म सिंह, चंद्रभान सिंह सहित सैकड़ों नागरिक शामिल रहे। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि अघोषित बिजली कटौती पर तत्काल रोक नहीं लगाई गई, ट्रिपिंग की समस्या दूर नहीं हुई और विद्युत व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। इसकी पूरी जिम्मेदारी बिजली विभाग और प्रशासन की होगी।
