गाजियाबाद की सड़कों पर अब कैमरों की नजर! जनवरी 2026 से ITMS करेगा चालान की कार्रवाई!

0

नगर आयुक्त ने ITMS बिल्डिंग का निरीक्षण किया

1500 कैमरों को कमांड सेंटर से जोड़ने के निर्देश

NEWS1UP

संवाददाता

गाजियाबाद। शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को आधुनिक और तकनीक-संपन्न बनाने की दिशा में गाजियाबाद नगर निगम ने बड़ा कदम बढ़ाया है। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने नगर निगम में हाल ही में पूर्ण हुई इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (ITMS) बिल्डिंग का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि 15 दिनों के भीतर प्रोजेक्ट को पूरी तरह सक्रिय किया जाए, ताकि जनवरी 2026 के प्रथम सप्ताह से ITMS के माध्यम से ट्रैफिक चालान की कार्यवाही शुरू की जा सके।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने ITMS संचालन के लिए स्थापित किए गए सर्वर, बड़ी स्क्रीन, डेस्कटॉप और तकनीकी ढांचे की बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि केवल ट्रैफिक ही नहीं, बल्कि म्युनिसिपल सर्विसेज को भी इसी भवन से संचालित करने की ठोस योजना बनाई जाए, जिससे शहरवासियों को एक ही स्थान पर कई सेवाओं का लाभ मिल सके।

एक सप्ताह में 1500 कैमरे होंगे इंटीग्रेटेड

नगर आयुक्त ने नगर निगम सीमा में पहले से लगे 1500 सीसीटीवी कैमरों को एक सप्ताह के भीतर कंट्रोल एंड कमांड सेंटर से इंटीग्रेट करने के निर्देश दिए। साथ ही, शहर के संवेदनशील और आवश्यक क्षेत्रों में 350 नए कैमरे जल्द से जल्द लगाने को भी कहा गया। उनका स्पष्ट कहना था कि कैमरों के माध्यम से ट्रैफिक नियमों की सख्त निगरानी ही सुचारु व्यवस्था की कुंजी है।

एक छत के नीचे मिलेगी कई सेवाएं

निरीक्षण के दौरान यह भी तय किया गया कि नई ITMS बिल्डिंग में इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल रूम को इस तरह विकसित किया जाए कि ट्रैफिक मैनेजमेंट, जन शिकायतों और नगर सेवाओं का समाधान एक ही स्थान से संभव हो सके। इसके अंतर्गत 311 एप्लीकेशन, कंट्रोल रूम और व्हीकल ट्रैकिंग मॉनिटरिंग सिस्टम को भी जनहित में एकीकृत करने की योजना पर काम किया जा रहा है।

विभागों को 10 दिन में प्रोजेक्ट शुरू करने के निर्देश

नगर आयुक्त ने शासन की मंशा के अनुरूप नए साल पर शहरवासियों को ITMS का लाभ दिलाने के लिए नगर निगम के साथ-साथ विद्युत विभाग, यातायात विभाग, पीडब्ल्यूडी और अन्य संबंधित विभागों को 10 दिनों के भीतर प्रोजेक्ट प्रारंभ करने के निर्देश दिए। इससे विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा और ट्रैफिक प्रबंधन अधिक प्रभावी बन सकेगा।

अधिकारी व प्रोजेक्ट टीम रही मौजूद

निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार, मुख्य अभियंता (निर्माण) नरेंद्र कुमार चौधरी, डॉक्टर अनुज सहित निर्माण विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं इफकॉन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड की ओर से मोहित गिरधर (प्रोजेक्ट मैनेजर), राजीव भारद्वाज (प्रोजेक्ट इंचार्ज) और विकास कुमार भी मौके पर मौजूद रहे।

नए साल में बदलेगी गाजियाबाद की ट्रैफिक तस्वीर

नगर आयुक्त ने कहा कि गाजियाबाद नगर निगम लगातार शहर हित में कार्य कर रहा है। ITMS के लागू होने से ट्रैफिक पर ऑनलाइन निगरानी, नियमों का पालन और सड़क सुरक्षा को नया आयाम मिलेगा। नए साल की शुरुआत के साथ ही गाजियाबाद एक स्मार्ट और सुरक्षित ट्रैफिक सिस्टम की ओर कदम बढ़ाता नजर आएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!