गाजियाबाद में खौफनाक मर्डर: किराया मांगने गई फ्लैट मालकिन की बेरहमी से हत्या, सूटकेस में छिपाया शव!

0

CCTV फुटेज से खुली हत्या की परतें

फ्लैट में गईं, वापस नहीं लौटीं दीपशिखा

NEWS1UP

विशेष संवाददाता

गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से सामने आई इस सनसनीखेज वारदात ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है। राजनगर एक्सटेंशन स्थित औरा काइमीरा (Aura Chimera) सोसाइटी में किराया मांगने पहुंची फ्लैट मालकिन दीपशिखा शर्मा (उम्र करीब 45 वर्ष) की कथित तौर पर गला घोंटकर हत्या कर दी गई। हत्या के बाद आरोपियों ने शव के टुकड़े कर उन्हें एक सूटकेस में भरकर बेड के नीचे छिपा दिया।

मृतका, दीपशिखा शर्मा (फाइल फोटो)

सोसाइटी में ही रहती थीं दीपशिखा

मिली जानकारी के मुताबिक, मृतका दीपशिखा औरा काइमीरा सोसाइटी में ही फ्लैट नंबर M-105 में रहती थीं। उनका एक दूसरा फ्लैट F-506, गुप्ता दंपत्ति को किराये पर दिया हुआ था। यही वह फ्लैट है, जहां इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया गया। बताया जा रहा है कि आरोपी गुप्ता दंपत्ति पिछले 5–6 महीनों से किराया नहीं दे रहे थे। इसी सिलसिले में दीपशिखा उनसे बातचीत करने किराये वाले फ्लैट F-506 पहुंची थीं। लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि किराये की बातचीत उनकी आखिरी मुलाकात साबित होगी।

CCTV फुटेज से खुली वारदात की परतें

जब देर शाम तक दीपशिखा घर नहीं लौटीं, तो परिजनों और सोसाइटी के लोगों को चिंता हुई। CCTV फुटेज खंगाले गए, जिसमें दीपशिखा शाम के वक्त किराये वाले फ्लैट की ओर जाती दिखाई दीं, लेकिन वापस लौटते हुए नहीं दिखीं। इसी फुटेज ने पूरे मामले को संदिग्ध बना दिया।

आरोपियों की पहचान पर भी सवाल!

इस केस में अब एक और चौंकाने वाला पहलू सामने आ रहा है। सोसाइटी के निवासियों का कहना है कि जिस दंपति ने फ्लैट किराये पर लिया था, उसकी पहचान को लेकर पहले से ही संदेह था। शंका जताई जा रही है कि आरोपी दंपति अपनी असली पहचान छुपाकर रह रहे थेयहां तक कि यह भी सवाल उठ रहा है कि वे वास्तव में पति-पत्नी थे भी या नहीं।

पुलिस अब इस एंगल से भी जांच कर रही है कि कहीं आरोपियों ने फर्जी पहचान के सहारे फ्लैट तो किराये पर नहीं लिया था।

भागने की कोशिश, लेकिन नाकाम

जब शक के आधार पर सोसाइटी के लोग फ्लैट F-506 पहुंचे, तो आरोपियों ने वहां से भागने की कोशिश की। शोर-शराबा होते ही आसपास के लोग इकट्ठा हो गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

सूटकेस से मिला शव, इलाके में दहशत

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तलाशी ली, जहां एक सूटकेस के अंदर शव के टुकड़े बरामद किए गए। इस खुलासे के बाद पूरी सोसाइटी में सनसनी फैल गई।

पुलिस जांच जारी, कई बड़े खुलासों की उम्मीद

फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। फॉरेंसिक टीम मौके से सबूत जुटा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह मामला सिर्फ हत्या तक सीमित नहीं है, बल्कि पहचान, पृष्ठभूमि और साजिश, तीनों एंगल से जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!