शूटिंग बॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया ने द्वितीय शूटिंग बॉल वर्ल्ड कप के ‘ऑफिशियल लोगो’ का किया भव्य अनावरण!
राजनगर एक्सटेंशन में हुआ ‘ऑफिशियल लोगो’ लॉन्च
1–3 फरवरी 2026 को नई दिल्ली में भिड़ेंगी 12 देशों की टीमें
NEWS1UP
संवाददाता
गाजियाबाद। शूटिंग बॉल के अंतरराष्ट्रीय परिदृश्य में भारत की बढ़ती साख को रेखांकित करते हुए शूटिंग बॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया (SBFI) द्वारा आज द्वितीय शूटिंग बॉल वर्ल्ड कप के ऑफिशियल लोगो का भव्य अनावरण किया गया। यह कार्यक्रम सोहन रेस्टोरेंट एंड पार्टी हॉल, राजनगर एक्सटेंशन में गरिमामयी वातावरण में संपन्न हुआ, जिसमें खेल जगत, प्रशासन और समाज के अनेक प्रतिष्ठित चेहरे एक मंच पर नजर आए।
‘लोगो’ में दिखी खेल भावना और भारतीय पहचान
अनावरण किए गए ऑफिशियल लोगो में तेज गति, प्रतिस्पर्धा, एकता और खेल भावना का सशक्त संदेश समाहित है। आयोजकों के अनुसार, यह ‘लोगो’ शूटिंग बॉल की ऊर्जा, अनुशासन और अंतरराष्ट्रीय भाईचारे का प्रतीक है, जो भारत की सांस्कृतिक पहचान के साथ वैश्विक खेल मूल्यों को जोड़ता है।
बतौर मुख्य अतिथि डॉ. अनिल अग्रवाल ने कहा कि शूटिंग बॉल जैसे खेलों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर स्थापित करने में भारत निर्णायक भूमिका निभा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी वर्ल्ड कप आयोजन भारतीय खिलाड़ियों को विश्व स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का सुनहरा अवसर देगा और युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बनेगा।
वहीं, SBFI अध्यक्ष अंजुल अग्रवाल ने आयोजन समिति को बधाई देते हुए कहा कि फेडरेशन पूरी तैयारी और पारदर्शिता के साथ इस वर्ल्ड कप को ऐतिहासिक बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। एशियाई शूटिंग बॉल फेडरेशन के पदाधिकारियों ने भी भारत की मेजबानी क्षमता की सराहना की।

भारत बनेगा वैश्विक शूटिंग बॉल का केंद्र
इस अवसर पर SBFI के महासचिव जीतराज तोमर ने प्रेस को संबोधित करते हुए बताया कि द्वितीय शूटिंग बॉल वर्ल्ड कप का आयोजन 1 से 3 फरवरी 2026 तक जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम, नई दिल्ली में किया जाएगा। इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में लगभग 12 देशों के महिला और पुरुष खिलाड़ी भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि यह टूर्नामेंट न केवल भारतीय शूटिंग बॉल के लिए ऐतिहासिक होगा, बल्कि एशिया और विश्व स्तर पर भारत की खेल नेतृत्व क्षमता को भी मजबूती देगा।
कार्यक्रम के दौरान खेल के विकास, जमीनी स्तर पर प्रशिक्षण, महिला सहभागिता और अंतरराष्ट्रीय सहयोग पर भी चर्चा हुई। उपस्थित अतिथियों ने एक स्वर में कहा कि ऐसे आयोजनों से न केवल खेल को बढ़ावा मिलता है, बल्कि भारत की वैश्विक छवि भी सुदृढ़ होती है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व राज्यसभा सांसद एवं अंतरराष्ट्रीय शूटिंग बॉल फेडरेशन के अध्यक्ष डॉ. अनिल अग्रवाल की उपस्थिति ने आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की। उनके साथ एशियाई शूटिंग बॉल फेडरेशन के महासचिव रविंद्र तोमर, शूटिंग बॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष अंजुल अग्रवाल, महासचिव जीतराज तोमर, एशियन शूटिंग बॉल फेडरेशन के कोषाध्यक्ष जयप्रकाश कदीयान, एशियन शूटिंग बॉल फेडरेशन के कार्यकारी सदस्य डॉ. ओपी माचरा, SBFI के मीडिया प्रभारी धर्मेंद्र चौधरी, शूटिंग बॉल एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के चेयरमैन अजय पाल प्रमुख, समाजसेवी अमरजीत बिड्डी, जिला शूटिंग बॉल संघ मेरठ के अध्यक्ष अंकित चौधरी, जिला शूटिंग बॉल संघ गौतम बुद्ध नगर के महासचिव मोनू कुमार तथा भारतीय शूटिंग बॉल टीम के कप्तान सुरेश बिश्नोई प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।


Glad to see this video and marvelous efforts made by the Honbile Secretary Shri Tomar ji. As I would like to introduce myself as one of the most lover of shootingball game and I can say is my family game where Late Sh. H. N.Kakkar and my uncle Sh. S.N.Kakkar represented India in 1955 to Pakistan.