बांग्लादेश में दलित हिंदू नौजवान की हत्या पर विपक्ष की जुबान सिल जाती है: योगी आदित्यनाथ
विपक्षा गाजा के मुद्दे पर कैंडल मार्च निकालते हैं
पर बांग्लोदश की घटना पर शांत है, यही इनका असली चेहरा!
NEWS1UP
विशेष संवाददाता
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधानसभा में बांग्लादेश में एक दलित हिंदू युवक की हत्या के मुद्दे पर विपक्ष को आड़े हाथों लिया। मुख्यमंत्री ने विपक्ष के मौन को लेकर कड़ा हमला बोलते हुए कहा कि जिन दलों की जुबान ग़ाज़ा जैसे अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर कैंडल मार्च निकालते समय खुल जाती है, वही दल बांग्लादेश और पाकिस्तान में हिंदुओं व सिखों पर हो रहे अत्याचारों पर पूरी तरह चुप हो जाते हैं।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि यह मौन कोई संयोग नहीं, बल्कि विपक्ष की तुष्टिकरण की राजनीति और दोहरे चरित्र को उजागर करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष के लिए दलित समाज केवल एक वोट बैंक बनकर रह गया है, जबकि जब किसी दलित हिंदू की हत्या होती है तो उनके मुंह से एक शब्द भी नहीं निकलता।

गाजा पर आंसू, बांग्लादेश में हिंदू की हत्या पर चुप्पी!
मुख्यमंत्री ने सदन में कहा, बांग्लादेश में एक दलित हिंदू नौजवान की हत्या कर दी जाती है, लेकिन विपक्ष की ज़ुबान सिल जाती है। ग़ाज़ा के मुद्दे पर प्रदर्शन और कैंडल मार्च निकालने वाले दल, जब बांग्लादेश या पाकिस्तान में हिंदुओं-सिखों पर अत्याचार होते हैं, तब मौन साध लेते हैं। यही इनका असली चेहरा है।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी निर्दोष हिंदू, दलित या सिख पर अत्याचार किसी भी हालत में स्वीकार्य नहीं हो सकता। मुख्यमंत्री ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि बांग्लादेश की इस घटना पर निंदा प्रस्ताव पारित होना चाहिए और यह प्रस्ताव विपक्ष के नेता की ओर से आना चाहिए।
घुसपैठ और अवैध गतिविधियों पर सख्त रुख
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अवैध घुसपैठ का मुद्दा उठाते हुए कहा कि जो लोग हमारे देश में रहकर हमारे नागरिकों के खिलाफ अपराध करते हैं और दूसरी ओर निर्दोष हिंदुओं व सिखों पर अत्याचार करते हैं, उन्हें बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में रह रहे बांग्लादेशी और रोहिंग्या घुसपैठियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। “एक-एक व्यक्ति की स्क्रीनिंग होगी और प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। जब हम उन्हें बाहर का रास्ता दिखाएंगे, तब उनके समर्थन में खड़े होने की कोशिश मत करना,” मुख्यमंत्री ने विपक्ष को चेताया।
मुख्यमंत्री ने यह भी आरोप लगाया कि विपक्षी दलों ने अवैध रूप से इन घुसपैठियों के वोट बनवाए और आधार कार्ड तक तैयार कराए, जो एक गंभीर अपराध है।
यह स्वीकार्य नहीं हो सकता
मुख्यमंत्री योगी ने दो टूक कहा कि भारत में बैठकर देश के लोगों के खिलाफ अपराध और पड़ोसी देशों में निर्दोष हिंदुओं व सिखों पर अत्याचार किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार देश की सुरक्षा, सामाजिक समरसता और कानून-व्यवस्था से किसी प्रकार का समझौता नहीं करेगी। सीएम योगी के इस तीखे और स्पष्ट बयान के बाद विधानसभा का माहौल गरमा गया।
