स्वतंत्रता सेनानी प्रीतम सिंह ‘स्मृति स्थल’ पर संकट! भाकियू मंच की आंदोलन की चेतावनी!
अवैध कब्जे के विरोध में किसान यूनियन मंच ने
डीएम व ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण को सौंपा ज्ञापन
NEWS1UP
संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। भारतीय किसान यूनियन मंच के तत्वावधान में स्वतंत्रता सेनानी एवं क्रांतिकारी स्वर्गीय प्रीतम सिंह की स्मृति स्थल को बचाने की मांग को लेकर जिलाधिकारी तथा ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी के नाम ज्ञापन सौंपा गया। संगठन ने बिल्डर पर स्मृति स्थल पर अवैध कब्जा करने और उसे ध्वस्त करने की साजिश रचने का गंभीर आरोप लगाया है।

भाकियू मंच के राष्ट्रीय महासचिव मास्टर मनमिंदर भाटी ने कहा कि-
गौतम बुद्ध नगर ऐतिहासिक रूप से स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और क्रांतिकारियों की कर्मभूमि रहा है। 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम में जनपद के 80 से अधिक क्रांतिकारियों को अंग्रेजों ने बुलंदशहर के काले-आम चौराहे पर फांसी दी थी। इसके बाद राष्ट्रीय स्वतंत्रता आंदोलन और आज़ाद हिंद फौज में भी जनपद के सैकड़ों सेनानियों ने सक्रिय योगदान दिया, जिनमें चौगानपुर ग्राम निवासी स्वर्गीय प्रीतम सिंह का नाम प्रमुख है।
मंच के जिलाध्यक्ष अक्षय मुखिया ने बताया कि-
स्वर्गीय प्रीतम सिंह के अतुलनीय योगदान के सम्मान में उनके परिजनों ने वर्ष 1983 में अपनी निजी पैतृक भूमि, खसरा संख्या 126 में लगभग 400 मीटर क्षेत्र में उनकी समाधि, पुण्य स्मृति स्थल तथा बाबा भैरोंनाथ जी का स्थल विकसित किया था।
युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष चिकूं यादव ने आरोप लगाया कि-
आसपास की भूमि को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण द्वारा अधिग्रहित कर बिल्डर परियोजना के लिए आवंटित कर दिया गया है। इसी क्रम में स्मृति स्थल के लगभग 400 मीटर क्षेत्र में से करीब 90 मीटर भूमि को लीज बैक करने का प्रस्ताव भी प्रभावित परिवार को दिया गया, जिससे मामला और संवेदनशील हो गया है।

स्वर्गीय प्रीतम सिंह के पौत्र प्रदीप भाटी (चौगानपुर) ने बताया कि-
इस प्रकरण को लेकर माननीय इलाहाबाद हाईकोर्ट में स्वतंत्र सिविल याचिका भी दाखिल की जा चुकी है। इसके बावजूद बिल्डर द्वारा स्मृति स्थल पर अवैध कब्जे और उसे ध्वस्त करने की नीयत बार-बार सामने आ रही है, जो पूर्णतः गैरकानूनी है।
प्रदेश अध्यक्ष सागर यादव ने कहा कि-
बिल्डर की गतिविधियों से ग्रामीणों में भारी रोष है। आर्य समाज जैसे देशभक्त संगठनों के साथ-साथ ‘जय जवान, जय किसान’ की विचारधारा पर चलने वाला भारतीय किसान यूनियन मंच भी इस अन्याय से व्यथित है और क्रांतिकारी स्वतंत्रता सेनानियों के सम्मान की रक्षा के लिए संघर्ष को तैयार है।
किसान यूनियन मंच ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो संगठन को आमरण अनशन व सत्याग्रह जैसे कदम उठाने पड़ेंगे, जिसकी जिम्मेदारी जिला प्रशासन, प्राधिकरण और संबंधित बिल्डर की होगी। संगठन ने घोषणा की कि 5 जनवरी को चौगानपुर स्थित स्मृति स्थल पर पंचायत आयोजित की जाएगी, जिसमें समाधान न होने की स्थिति में आगे की रणनीति तय की जाएगी।
इस मौके पर धर्मवीर, रोहतास भाटी, कुलदीप, संजीव, आकाश, महासचिव डॉ. मोहसिन, सोनू भाटी, सौरभ गुर्जर, अनुज भाटी, सचिन शर्मा, गौतम कुमार, मोहित चौधरी, सौरव खटाना सहित अनेक किसान मौजूद रहे।
