February 12, 2026

2026 के स्वागत में नोएडा ने जाम इतना ऊंचा उठाया कि पी डाली 35 करोड़ की शराब!

0
0
0

NEWS1UP

संवाददाता

नोएडा। दिल्ली से सटे नोएडा में नए साल के जश्न ने इस बार सारे पुराने रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए। 2026 के स्वागत में शहरवासियों ने जाम पर जाम छलकाए और सिर्फ दो दिनों में करीब 35 करोड़ रुपये की शराब गटक ली। 30 और 31 दिसंबर को हुई यह बिक्री अब तक की सबसे बड़ी मानी जा रही है। आबकारी विभाग के आंकड़े बताते हैं कि इन दो दिनों में चार लाख लीटर से अधिक शराब बेची गई।

30–31 दिसंबर: शराब बाजार के लिए ‘गोल्डन डेज’

जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार के अनुसार, नववर्ष की पूर्व संध्या और उसके एक दिन पहले शराब की दुकानों, मॉडल शॉप्स और बारों पर जबरदस्त भीड़ देखने को मिली। उन्होंने बताया कि गौतमबुद्ध नगर जिले में 30 और 31 दिसंबर 2025 को शराब बिक्री के सारे पुराने रिकॉर्ड टूट गए। पिछले साल की तुलना में इस बार बिक्री में उल्लेखनीय उछाल दर्ज किया गया।

प्रतीकात्मक इमेज

हर सेक्टर में दिखा जश्न का असर

नोएडा के सेक्टरों से लेकर ग्रेटर नोएडा तक, शराब की दुकानों पर देर रात तक लंबी कतारें लगी रहीं। नए साल की पार्टियों, हाउस गेदरिंग्स और क्लब नाइट्स के चलते बीयर, व्हिस्की, रम और वाइन की मांग अचानक कई गुना बढ़ गई। खासतौर पर प्रीमियम ब्रांड्स और बीयर की बिक्री में जबरदस्त उछाल देखा गया।

पिछले साल से कहीं ज्यादा बिक्री

आबकारी विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, पिछले वर्ष की तुलना में इस बार शराब की बिक्री कहीं ज्यादा रहीजहां आमतौर पर साल के आखिरी दिनों में बिक्री बढ़ती है, वहीं इस बार आंकड़े असाधारण रहे। विभाग के अनुसार, यह बढ़ोतरी केवल मात्रा में ही नहीं, बल्कि राजस्व के लिहाज से भी ऐतिहासिक है।

सरकार को मोटा राजस्व, प्रशासन सतर्क

इतनी बड़ी बिक्री से राज्य सरकार को आबकारी कर के रूप में भारी राजस्व मिला है। वहीं दूसरी ओर, प्रशासन और पुलिस के लिए यह चुनौती भी रही। नववर्ष की रात जगह-जगह चेकिंग अभियान चलाए गए ताकि नशे में वाहन चलाने और कानून-व्यवस्था से जुड़ी घटनाओं पर नियंत्रण रखा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!