शादी का झांसा, नशीला ड्रिंक और अश्लील वीडियो: गाजियाबाद में रिश्तों की आड़ में हैवानियत का पर्दाफाश!
रिश्तों की आड़ में अपराध
डिजिटल ब्लैकमेलिंग पर बड़ा सवाल
NEWS1UP
विशेष संवाददाता
गाजियाबाद। थाना क्रॉसिंग रिपब्लिक क्षेत्र से एक गंभीर और चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसमें एक युवक पर शादी का झांसा देकर युवती के साथ दुष्कर्म, अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल, मारपीट और धोखाधड़ी जैसे संगीन आरोप लगे हैं। पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी को बिहार से गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 14 नवंबर 2025 को थाना क्रॉसिंग रिपब्लिक, कमिश्नरेट गाजियाबाद में एक युवती ने प्राथमिकी दर्ज कराई। पीड़िता ने आरोप लगाया कि बिहार के बेगूसराय जिला के गॉंव नया टोला, विष्णुपुर वणद्वार थाना मुफ्फसिल निवासी नवनीत राज पुत्र अनिल सिंह ने उसे शादी का झांसा देकर कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ पिलाया। बेहोशी की हालत में उसके निजी अंगों का वीडियो बनाया गया और बाद में वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसके साथ कई बार बलात्कार किया गया।
धोखाधड़ी की इंतहा:
फ्लैट आरोपी के नाम, EMI पीड़िता की
आरोपी यहीं नहीं रुका। उसने क्रॉसिंग रिपब्लिक क्षेत्र में एक फ्लैट अपने नाम पर खरीदा, लेकिन उसकी EMI पीड़िता से भरवाई। वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उससे पैसे ऐंठे गए, जिससे पीड़िता आर्थिक और मानसिक रूप से पूरी तरह टूट गई। इस पूरे घटनाक्रम से उसकी सामाजिक प्रतिष्ठा को भी गहरा आघात पहुंचा।
परिवार भी शामिल! मां-बाप और भाई-भाभी पर गंभीर आरोप
पीड़िता ने आरोप लगाया कि इस आपराधिक साजिश में आरोपी की मां, पिता, भाई और उसकी पत्नी ने भी सक्रिय रूप से सहयोग किया।
संगीन धाराओं में मुकदमा, आरोप सही पाए गए
पुलिस ने मामले को गंभीर मानते हुए आरोपी के खिलाफ धारा 123/69/115(2)/351(2)/351(3)/318(4)/316(2)/356(2)/61(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया। जांच के दौरान पीड़िता के बयान (धारा 180/183 BNSS), मेडिकल रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोप सत्य पाए गए।
बिहार से गिरफ्तारी, कबूलनामा सुन पुलिस भी हैरान
लगातार फरार चल रहे मुख्य आरोपी नवनीत राज (28 वर्ष) को 07 जनवरी 2026 को क्रॉसिंग रिपब्लिक पुलिस टीम ने बेगूसराय, बिहार से दबोच लिया। माननीय न्यायालय से ट्रांजिट रिमांड लेकर आरोपी को गाजियाबाद लाया गया। पूछताछ में आरोपी ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि उसकी पहचान पीड़िता से जुलाई 2018 में एक डेटिंग साइट के जरिए हुई थी। इसके बाद उसने प्रेम का नाटक कर उसे अपने जाल में फंसाया। वर्ष 2019 से दोनों लिव-इन रिलेशनशिप में रहने लगे। शादी का वादा किया, लेकिन बाद में दूसरी महिला से विवाह कर लिया और पीड़िता को वीडियो वायरल करने की धमकी देकर चुप कराने की कोशिश की।
पुलिस जांच जारी
फिलहाल आरोपी के आपराधिक इतिहास की गहन जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पूरे नेटवर्क और अन्य सहयोगियों की भूमिका भी खंगाली जा रही है। कानून के शिकंजे में अब आरोपी और उसके सहयोगियों की उलटी गिनती शुरू हो चुकी है।
