10वां आर्म्ड फोर्सेज वेटरन्स डे: वीर नारियों और शहीद परिवारों को किया गया सम्मानित!

0

NEWS1UP

गौरव अग्रवाल

गाजियाबाद। जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास विभाग द्वारा बुधवार को 10वां आर्म्ड फोर्सेज वेटरन्स डे पूरे गरिमा और सम्मान के साथ मनाया गया। यह कार्यक्रम शहर के महात्मा गांधी सभागार में आयोजित किया गया, जिसकी अध्यक्षता ऊर्जावान और संवेदनशील प्रशासक जिला विकास अधिकारी अभिनव गोपाल ने की।

कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्र के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले शहीद सैनिकों को नमन के साथ हुई। इस अवसर पर जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी राम प्रवेश सिंह ने उपस्थित वीर नारियों, पूर्व सैनिकों और अतिथियों का स्वागत किया तथा वेटरन्स डे के महत्व और उद्देश्य पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यह दिवस देश की रक्षा में समर्पित सैनिकों और उनके परिवारों के त्याग, शौर्य और बलिदान को याद करने का अवसर है।

कार्यक्रम में शहीद सैनिकों की पत्नियों, शकुंतला देवी, विमला देवी, रजनी देवी एवं सुमनलता को विशेष सम्मान प्रदान किया गया। इन्हें सीडीओ अभिनव गोपाल एवं सिटी मजिस्ट्रेट संतोष उपाध्याय द्वारा शॉल ओढ़ाकर एवं सम्मान प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा, जिसने वीर नारियों के त्याग को नमन किया।

इसके अतिरिक्त, शहीद यशपाल सिंह एवं शहीद भीम सिंह दुहुन के परिजनों को भी सम्मानित किया गया। यह सम्मान वीर चक्र विजेता कर्नल टी.पी. त्यागी एवं ग्रुप कैप्टन राजीव गुप्ता द्वारा शॉल एवं प्रतीक चिन्ह प्रदान कर दिया गया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने शहीदों के अदम्य साहस को स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

अपने संबोधन में सीडीओ अभिनव गोपाल ने कहा कि देश की आज़ादी, सुरक्षा और संप्रभुता की रक्षा में सैनिकों का योगदान अतुलनीय है। उन्होंने कहा कि सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए प्रशासन सदैव प्रतिबद्ध रहेगा। सिटी मजिस्ट्रेट संतोष उपाध्याय ने भी वीर नारियों और शहीद परिवारों के प्रति समाज की जिम्मेदारी पर जोर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!