फ्लाईओवर पर खड़ी कार से तीन शव बरामद, जहर पीकर आत्महत्या की आशंका!
मृतकों की पहचान हुई
लेकिन पुलिस ने नाम नहीं किए सार्वजनिक
NEWS1UP
अपराध डेस्क
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली से एक सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पश्चिमी दिल्ली के पीरागढ़ी फ्लाईओवर पर खड़ी एक कार से तीन लोगों के शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतकों में एक महिला और दो पुरुष शामिल हैं। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने पूरे क्षेत्र को घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है।
सफेद टाटा टियागो कार में मिले शव
पुलिस के अनुसार, फ्लाईओवर पर लंबे समय से खड़ी सफेद रंग की टाटा टियागो कार संदिग्ध हालत में मिली थी। जब पुलिस ने कार की तलाशी ली तो अंदर तीन लोगों के शव पाए गए। प्रारंभिक जांच में किसी तरह के लूटपाट या संघर्ष के निशान नहीं मिले हैं, जिससे मामला और भी रहस्यमय हो गया है।
महिला व दो पुरुष, उम्र 40 से 60 वर्ष के बीच
कार में मृत पाए गए लोगों में एक महिला और दो पुरुष शामिल हैं। महिला और एक पुरुष की उम्र करीब 40 वर्ष, जबकि तीसरे पुरुष की उम्र 60 वर्ष के आसपास बताई जा रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, तीनों की पहचान कर ली गई है, लेकिन फिलहाल जांच के मद्देनज़र नाम सार्वजनिक नहीं किए गए हैं।
जहर पीकर आत्महत्या की आशंका
मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम की प्रारंभिक जांच में जहर पीने से मौत की प्रबल आशंका जताई जा रही है। कार के भीतर कुछ पेय पदार्थ भी मिले हैं, जिन्हें जांच के लिए जब्त कर लिया गया है।
DCP सचिन शर्मा का बयान
पश्चिमी दिल्ली के डीसीपी सचिन शर्मा ने बताया कि शुरुआती जांच में यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है।
उन्होंने कहा-
“अब तक की जांच में दो पुरुष और एक महिला के शव मिले हैं। सभी ने किसी पेय पदार्थ के माध्यम से जहर सेवन किया है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आत्महत्या के कारणों की गहराई से जांच की जा रही है।”
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर अस्पताल भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह और घटनाक्रम पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगा। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि तीनों के बीच क्या संबंध था और उन्होंने यह कदम क्यों उठाया।
इलाके में दहशत, कई सवाल खड़े
फ्लाईओवर जैसी सार्वजनिक जगह पर इस तरह की घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं, तीनों लोग कौन थे ? एक साथ आत्महत्या करने की वजह क्या थी ? कार किसके नाम पर रजिस्टर्ड थी ? फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।
