संवाद से समाधान में विश्वास करती है सरकार : योगी आदित्यनाथ
यूपी विधानसभा का बजट सत्र शुरू
20 फरवरी तक चलेगी कार्यवाही
NEWS1UP
भूमेश शर्मा
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बजट सत्र शुरू होने से पहले सोमवार को मीडियाकर्मियों से बातचीत करते हुए कहा कि सरकार संवाद के माध्यम से समस्याओं के समाधान में विश्वास करती है। उन्होंने सभी सदस्यों से अपील की कि किसी भी मुद्दे को उठाने के लिए सदन की कार्यवाही बाधित करने के बजाय संवाद का मार्ग अपनाएं।
सीएम योगी ने बताया कि उत्तर प्रदेश विधानमंडल का बजट सत्र आज से प्रारंभ हो गया है, जो 20 फरवरी तक चलेगा। यह उनकी सरकार का 10वां बजट सत्र है। संसदीय परंपराओं के अनुरूप सत्र की शुरुआत राज्यपाल के अभिभाषण से होगी, जिसमें सरकार की उपलब्धियों और भावी कार्ययोजनाओं का विवरण प्रस्तुत किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 11 फरवरी को वर्ष 2026-27 का सामान्य बजट पेश किया जाएगा, जिस पर सदन में विस्तार से चर्चा होगी। इसके साथ ही पहली बार उत्तर प्रदेश का आर्थिक सर्वेक्षण भी सदन के पटल पर रखा जाएगा। उन्होंने इसे ऐतिहासिक कदम बताते हुए कहा कि इससे प्रदेश की आर्थिक प्रगति, प्रति व्यक्ति आय में वृद्धि, रोजगार सृजन और वित्तीय प्रबंधन की स्थिति पर स्पष्ट जानकारी मिलेगी।
सीएम योगी ने कहा कि यूपी को बीमारू राज्य की छवि से बाहर निकालकर देश की अर्थव्यवस्था के ब्रेकथ्रू इंजन के रूप में स्थापित किया गया है। लगातार पांच वर्षों से प्रदेश को रेवेन्यू सरप्लस राज्य बनाए रखना सरकार की वित्तीय अनुशासन नीति का परिणाम है।
उन्होंने सभी पक्षों के विधायकों से सदन की गरिमा बनाए रखने, अनावश्यक शोरगुल से बचने और जनता से जुड़े मुद्दों पर सार्थक चर्चा करने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि बजट सत्र प्रदेश के विकास की गति को और तेज करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक सहित कई कैबिनेट व राज्यमंत्री उपस्थित रहे।
