जनता दर्शन में हापुड़ से आए दो सैनिकों की पीड़ा सुन सीएम योगी हुए सख्त!
हापुड़ प्रशासन को त्वरित कार्रवाई के निर्देश
NEWS1UP
भूमेश शर्मा
लखनऊ। शासकीय दायित्वों की व्यस्तताओं के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को ‘जनता दर्शन’ में आमजन की समस्याएं सुनीं। इस दौरान हापुड़ से आए दो सैनिकों ने अपनी जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत मुख्यमंत्री से की।
सैनिकों ने बताया कि वे दोनों भारतीय सेना में कार्यरत हैं और उनके पिता नेत्रहीन हैं। इस स्थिति का लाभ उठाकर उनके ताऊ के पुत्रों ने उनकी जमीन पर कब्जा कर लिया है तथा हथियारों के बल पर धमकी भी दी जा रही है। मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री ने हापुड़ जिला प्रशासन को तत्काल जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि-
प्रदेश सरकार हर नागरिक, विशेषकर देश की सेवा कर रहे सैनिकों की सुरक्षा और न्याय के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
जनता दर्शन में इलाज के लिए आर्थिक सहायता मांगने वाले लोगों को मुख्यमंत्री ने अस्पताल से एस्टिमेट प्रस्तुत करने को कहा और आश्वस्त किया कि सरकार इलाज में हरसंभव मदद करेगी। इसके अलावा बिजली, नगर निगम और राजस्व से जुड़े मामलों पर भी अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बच्चों से संवाद कर उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने और मोबाइल से दूर रहने की सीख दी तथा स्नेहपूर्वक चॉकलेट भी वितरित की।
