जानिए बच्चों के लिए कब और क्यों जरूरी है Mandatory Biometric Update!

0
0
0

83 हजार स्कूलों में 1 करोड़ बच्चों का आधार अपडेट पूरा

NEWS1UP

फीचर डेस्क

भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) ने आधार से जुड़े एक बड़े अभियान में अहम उपलब्धि हासिल की है। देशभर के 83,000 स्कूलों में पढ़ने वाले एक करोड़ से अधिक स्कूली बच्चों का अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट (Mandatory Biometric Update – MBU) सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। UIDAI की ओर से जारी आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई। यह कदम उन बच्चों के लिए बेहद अहम माना जा रहा है, जिनका आधार तो बन चुका है, लेकिन उम्र बढ़ने के साथ उनका बायोमेट्रिक डेटा अपडेट नहीं हुआ है।

क्यों जरूरी है बच्चों का बायोमेट्रिक अपडेट ?

UIDAI के नियमों के मुताबिक, 5 साल से कम उम्र के बच्चों का आधार केवल डेमोग्राफिक जानकारी (नाम, जन्मतिथि, जेंडर, पता और जन्म प्रमाण पत्र) के आधार पर बनता है। इस उम्र में बच्चों के फिंगरप्रिंट और आइरिस पूरी तरह विकसित नहीं होते, इसलिए उनका बायोमेट्रिक डेटा नहीं लिया जाता। लेकिन जैसे-जैसे बच्चा बड़ा होता है, बायोमेट्रिक अपडेट अनिवार्य हो जाता है।

कब-कब कराना होता है बच्चे का आधार अपडेट ?

UIDAI ने बच्चों के आधार अपडेट को दो चरणों में अनिवार्य किया है:

पहला अपडेट (MBU-1)

उम्र: 5 साल पूरे होने पर

क्या अपडेट होता है:

फिंगरप्रिंट

आइरिस स्कैन

नई फोटो

दूसरा अपडेट (MBU-2)

उम्र: 15 से 17 साल के बीच

क्या अपडेट होता है:

फिंगरप्रिंट

आइरिस

फेस स्कैन

समय पर अपडेट नहीं कराने पर आधार कई जगह अमान्य माना जा सकता है।

आधार अपडेट न होने पर क्या दिक्कतें आ सकती हैं ?

अगर बच्चे का बायोमेट्रिक अपडेट नहीं हुआ है तो उसे आगे चलकर कई परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है, जैसे-

सरकारी योजनाओं और स्कॉलरशिप का लाभ नहीं मिलना

प्रतियोगी परीक्षाओं में रजिस्ट्रेशन में समस्या

स्कूल, कॉलेज और यूनिवर्सिटी एडमिशन के दौरान अड़चन

उच्च शिक्षा संस्थानों में दस्तावेज़ सत्यापन में परेशानी

इसी वजह से UIDAI और शिक्षा संस्थान लगातार माता-पिता को समय पर MBU कराने की सलाह दे रहे हैं।

5 से 17 साल के बच्चों के लिए आधार अपडेट पूरी तरह फ्री

UIDAI ने बच्चों और अभिभावकों को बड़ी राहत देते हुए 5 से 17 वर्ष तक के बच्चों के लिए आधार बायोमेट्रिक अपडेट को फ्री कर दिया है। यह सुविधा 1 अक्टूबर 2025 से लागू की गई जो कि 30 सितंबर 2026 तक प्रभावी रहेगी। अनुमान है कि इससे करीब 6 करोड़ बच्चों को सीधा फायदा मिलेगा, यानि इस अवधि में बच्चों का आधार अपडेट कराने पर कोई शुल्क नहीं देना होगा।

ऐसे कराएं बच्चे का आधार अपडेट

माता-पिता अपने बच्चे का आधार अपडेट कराने के लिए नजदीकी आधार सेवा केंद्र या नामित अपडेट सेंटर जाएं, बच्चे का मौजूदा आधार कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र और आवश्यक पहचान/पता दस्तावेज साथ ले जाएँ। केंद्र पर   फिंगरप्रिंट, आइरिस स्कैन तथा नई फोटो ली जाएगी, पूरी प्रक्रिया कुछ ही मिनटों में पूरी हो जाती है।

माता-पिता के लिए जरूरी सलाह

बच्चों का आधार अपडेट कोई औपचारिकता नहीं, बल्कि भविष्य से जुड़ा जरूरी कदम है। सही समय पर MBU कराने से न सिर्फ सरकारी सुविधाओं का रास्ता साफ होता है, बल्कि शिक्षा और करियर से जुड़ी कई अड़चनें भी दूर रहती हैं।

अगर आपका बच्चा 5 या 15 साल की उम्र पार कर चुका है, तो आधार अपडेट को टालें नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!