पूर्व मंत्री मदन चौहान पर जानलेवा हमला, बाल-बाल बचे!
NEWS1UP
संवाददाता
हापुड़। उत्तर प्रदेश के हापुड़ जनपद में देर रात पूर्व मंत्री एवं तीन बार विधायक रहे मदन चौहान पर जानलेवा हमले की कोशिश का मामला सामने आया है। सगाई समारोह में शामिल होने जा रहे मदन चौहान की गाड़ी को कार सवार युवकों ने रोककर फायरिंग करने का प्रयास किया। हालांकि गोली निशाने पर नहीं लगी, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
घटना गढ़ कोतवाली क्षेत्र के गांव हिरणपुर के पास की बताई जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार मदन चौहान अपने सुरक्षाकर्मियों के साथ कार से सगाई समारोह में जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में तीन युवक अचानक उनकी गाड़ी के सामने आकर खड़े हो गए। आरोप है कि युवकों ने गाली-गलौच करते हुए पिस्टल से फायर करने की कोशिश की।

पूर्व मंत्री के अनुसार, एक युवक के दोनों हाथों में पिस्टल थी, जिसने गाड़ी के शीशे पर हथियार सटाकर फायर करने का प्रयास किया, लेकिन गोली चूक गई। फायरिंग की कोशिश के बाद उनके सुरक्षाकर्मी गाड़ी से बाहर निकले, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक विनीत भटनागर समेत पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने क्षेत्र में नाकाबंदी कर दी है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। हमले के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। फिलहाल पूर्व मंत्री मदन चौहान सुरक्षित हैं और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।
