राजनगर एक्सटेंशन में होगा ‘श्रीमद्भागवत कथा सप्ताह ज्ञान यज्ञ’ का का आयोजन!
हम तुम रोड वेलफेयर एसोसिएशन तथा महक जीवन वेलफेयर ट्रस्ट होंगे संयुक्त आयोजक
NEWS1UP
धर्म-कर्म डेस्क
गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन में आध्यात्मिक चेतना, नैतिक मूल्यों और सामाजिक सद्भाव को समर्पित श्रीमद्भागवत कथा सप्ताह ज्ञान यज्ञ का भव्य एवं दिव्य द्वितीय आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन 22 से 28 फरवरी तक हमतुम रोड स्थित आरएल मार्केट परिसर में हम तुम रोड वेलफेयर एसोसिएशन तथा महक जीवन वेलफेयर ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है।
आयोजन समिति के मीडिया प्रभारी मंजीत सिंह चौहान एवं मुरारीलाल शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि इस सात दिवसीय आध्यात्मिक अनुष्ठान का उद्देश्य समाज में धार्मिक जागरूकता का विस्तार, नैतिक मूल्यों का सुदृढ़ीकरण तथा आपसी भाईचारे और सद्भाव की भावना को मजबूत करना है।
कथा के दौरान प्रतिदिन आचार्य श्री राजीव कृष्ण (वरसाना धाम) द्वारा श्रीमद्भागवत महापुराण के विभिन्न प्रसंगों का रसपूर्ण एवं प्रेरणादायक व्याख्यान किया जाएगा। उनके ओजस्वी प्रवचनों से श्रद्धालुओं को न केवल आध्यात्मिक ज्ञान की अनुभूति होगी, बल्कि जीवन में सकारात्मक ऊर्जा और नैतिक दिशा भी प्राप्त होगी। आयोजकों का कहना है कि कथा श्रवण से व्यक्ति के भीतर आत्मचिंतन और संस्कारों का संचार होता है, जो समाज को सुदृढ़ बनाने में सहायक सिद्ध होता है।
आयोजन स्थल पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। कथा सप्ताह का समापन 28 फरवरी को पूर्णाहुति के साथ होगा, जबकि 01 मार्च को विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें क्षेत्र के सभी श्रद्धालु सपरिवार आमंत्रित हैं।
आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने समस्त क्षेत्रवासियों से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कथा श्रवण करें, प्रसाद ग्रहण करें और इस पुण्य अवसर का लाभ उठाकर अपने जीवन को आध्यात्मिक उन्नति की ओर अग्रसर करें।
