सबको सुरक्षा का अहसास ही रामराज्य की अवधारणा: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

0
0
0

पांडेयहाता की भक्त प्रह्लाद शोभायात्रा में शामिल हुए मुख्यमंत्री

फूलों की होली खेलकर दिया सौहार्द का संदेश

NEWS1UP

विशेष संवाददाता

गोरखपुर। योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि उत्तर प्रदेश में आज न कोई तनाव है, न अराजकता और न ही गुंडागर्दी। प्रदेश में हर नागरिक को सुरक्षा का अहसास है और एक-दूसरे के प्रति सम्मान का भाव है। यही स्थिति ‘रामराज्य’ की अवधारणा को साकार करती है। उन्होंने कहा कि जब समाज में सुरक्षा और विश्वास का वातावरण होता है, तभी विकास की राह आसान होती है।

मुख्यमंत्री सोमवार शाम पांडेयहाता में होलिकादहन उत्सव समिति की ओर से आयोजित भक्त प्रह्लाद शोभायात्रा में शामिल हुए और उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया।

‘नए भारत’ का दर्शन करा रहा यशस्वी नेतृत्व

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज दुनिया के कई हिस्सों में उपद्रव और अस्थिरता का माहौल है, लेकिन भारत सौभाग्यशाली है कि उसे नरेंद्र मोदी जैसा नेतृत्व मिला है, जो देश को नई ऊंचाइयों की ओर ले जा रहा है। उन्होंने कहा कि नया भारत हर वर्ग को अवसर देकर उत्सव का वातावरण बनाता है।

2014 से पहले उत्सवों पर लगता था कर्फ्यू

सीएम योगी ने कहा कि वर्ष 2014 से पहले त्योहारों के समय प्रदेश में भय और तनाव का माहौल रहता था। कई बार कर्फ्यू लग जाता था और व्यापारी वर्ग को भारी नुकसान उठाना पड़ता था। बेटियां और व्यापारी सुरक्षित नहीं थे। उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश ‘उत्सव प्रदेश’ बन चुका है, जहां न कर्फ्यू है, न दंगा “यूपी में अब सब चंगा है।”

उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि पिछले पंद्रह दिनों से मथुरा और वृंदावन में होली का उल्लासपूर्ण आयोजन चल रहा है, जिसे देखने देश-विदेश से लोग आ रहे हैं।

उपद्रव से उत्सव की ओर यात्रा

मुख्यमंत्री ने कहा कि जब समाज अव्यवस्था से व्यवस्था, अराजकता से अनुशासन और असत्य से सत्य की ओर बढ़ता है, तभी वह उपद्रव से उबरकर उत्सव की यात्रा का हिस्सा बनता है। गोरखपुर का विरासत गलियारा इसी सकारात्मक परिवर्तन का प्रतीक है।

उन्होंने बताया कि पहले पांडेयहाता क्षेत्र में संकरी गलियां, जाम और अव्यवस्था थी, जिससे व्यापार प्रभावित होता था। अब विरासत गलियारा प्रदेश का सबसे सुंदर और व्यवस्थित गलियारा बनने जा रहा है।

प्रभावित व्यापारियों के लिए बनेगा कॉम्प्लेक्स

मुख्यमंत्री ने कहा कि विरासत गलियारा निर्माण से प्रभावित व्यापारियों को घण्टाघर स्थित बंधु सिंह पार्क में दुकानें दी जा रही हैं। शेष व्यापारियों के लिए डायट के पास कॉम्प्लेक्स निर्माण हेतु भूमि चिन्हित कर बजट भी आवंटित कर दिया गया है। सरकार का संकल्प है कि किसी को उजड़ने नहीं दिया जाएगा, बल्कि सभी को नए अवसर प्रदान किए जाएंगे।

‘हिरण्यकश्यप’ जैसे माफिया पर सख्ती जरूरी

होलिकादहन के महत्व का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने भक्त प्रह्लाद और हिरण्यकश्यप की कथा का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जैसे भगवान विष्णु ने नृसिंह अवतार लेकर अधर्म का अंत किया, वैसे ही अराजकता, माफियागिरी और गुंडागर्दी पर सख्ती आवश्यक है। “लातों के भूत बातों से नहीं मानते,” कहते हुए उन्होंने कानून-व्यवस्था पर सरकार की सख्त नीति दोहराई।

फूलों की होली से दिया सौहार्द का संदेश

अपने संबोधन के बाद मुख्यमंत्री ने शोभायात्रा के लिए सजाए गए रथ पर भक्त प्रह्लाद के चित्र की आरती उतारी और पुष्पवर्षा कर उपस्थित जनसमूह के साथ फूलों की होली खेली। लोक कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को उत्सवमय बना दिया।

भ्रष्टाचार का दहन कर दिया: सांसद रविकिशन

इस अवसर पर रविकिशन शुक्ल ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में भ्रष्टाचार का दहन हो चुका है और विकास की गंगा बह रही है। उन्होंने बताया कि हालिया विदेश दौरे से बड़े निवेश प्रस्ताव आए हैं, जो प्रदेश को ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था की दिशा में आगे बढ़ाएंगे।

कार्यक्रम को महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, विधायक विपिन सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी संबोधित किया। बड़ी संख्या में व्यापारी, सामाजिक कार्यकर्ता और नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!