गाजियाबाद में आस्था और उल्लास के साथ हुआ होलिका दहन!
हाईराइज़ आवासीय परिसरों में दिखी उत्सवधर्मिता की झलक
NEWS1UP
संवाददाता
गाजियाबाद। रंगों के पर्व होली की पूर्व संध्या पर जनपद में होलिका दहन का पर्व परंपरागत रीति-रिवाजों और उत्साह के साथ मनाया गया। शहर के प्रमुख चौराहों से लेकर आवासीय कॉलोनियों और हाईराइज़ सोसायटियों तक श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर होलिका दहन किया। जगह-जगह सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम देखने को मिले।
राजनगर एक्सटेंशन में विशेष तैयारी
राजनगर एक्सटेंशन क्षेत्र की लगभग सभी सोसायटियों में होलिका दहन को लेकर कई दिन पूर्व से तैयारियां की गई थीं। महिलाओं ने पारंपरिक पूजन सामग्री के साथ विधिवत पूजा की, जबकि बच्चों और युवाओं में खासा उत्साह नजर आया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों और भजन-कीर्तन ने माहौल को भक्तिमय बना दिया।
ऑफिसर सिटी-2 में एओए की अगुवाई

अफसर सिटी 2 में अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन (एओए) की अगुवाई में सामूहिक होलिका दहन का आयोजन किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच होली प्रज्वलित की गई। सोसायटीवासियों ने एक-दूसरे को पर्व की शुभकामनाएं दीं और सामाजिक सौहार्द का संदेश दिया। आयोजन के दौरान अनुशासन और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा गया।
क्रॉसिंग रिपब्लिक में उल्लासपूर्ण आयोजन
क्रॉसिंग रिपब्लिक सोसायटी में भी पर्व को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। पारंपरिक परिधानों में सजे निवासियों ने सामूहिक रूप से पूजा-अर्चना की। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने आयोजन को आकर्षक बना दिया। प्रबंधन समिति की ओर से व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं।
गोल्फ लिंक्स टाउनशिप में साझा होलिका दहन

गोल्फ लिंक्स टाउनशिप में स्थित तीन सोसायटियों ने संयुक्त रूप से होलिका दहन कर आपसी एकता का परिचय दिया। बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों ने बुराई पर अच्छाई की विजय के प्रतीक इस पर्व में सहभागिता की।
आशियाना ली रेजीडेंसी से आरपी शर्मा, डीडी अग्रवाल, विजय शर्मा, रजनीश अग्रवाल, संजय कुमार, सुनील त्यागी, गौतम सिंह और जीएस पचौरी प्रमुख रूप से मौजूद रहे। स्कार्डी ग्रीन से प्रीत मोहन सिंह, आलोक कुमार और अतिन अग्रवाल ने सहभागिता की। लैंडक्राफ्ट से एसके भटनागर, गौरव गुप्ता, प्रभात राणा और वेद खुराना आयोजन में शामिल हुए। संयुक्त आयोजन में सभी ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ पूजा-अर्चना कर समाज में सद्भाव और भाईचारे का संदेश दिया।
