आंगनवाड़ी में बड़ी भर्ती और डिजिटल बदलाव का ऐलान, सीएम योगी का विपक्ष पर तीखा हमला

0
0
0

5 हजार कार्यकत्री, 60 हजार सहायिकाएं

सरकार का बड़ा रोजगार प्लान

NEWS1UP

विशेष संवाददाता

लखनऊ। सीएम योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को लोकभवन में आंगनवाड़ी परियोजनाओं के लोकार्पण व शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि इस वर्ष 5,000 से अधिक आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों और 60,000 से अधिक सहायिकाओं की भर्ती की जाएगी। उन्होंने बताया कि भर्ती प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और चयन पूरी तरह पारदर्शी तरीके से होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आंगनवाड़ी व्यवस्था को आधुनिक बनाते हुए सभी केंद्रों को डिजिटल सेवा केंद्र में बदला जा रहा है। कार्यकत्रियों को स्मार्टफोन और ग्रोथ मॉनिटरिंग उपकरण दिए जा रहे हैं, जिससे रीयल टाइम डाटा अपलोड होगा और प्रदेश की राष्ट्रीय रैंकिंग में सुधार होगा। साथ ही, आयुष्मान भारत योजना के तहत लाखों कार्यकत्रियों और सहायिकाओं को 5 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा कवर दिया जा रहा है।

“पर्ची-खर्ची” खत्म, अब सीधी भर्ती

सीएम योगी ने 2017 से पहले की व्यवस्था पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले चयन में “पर्ची और खर्ची” का बोलबाला था, जबकि अब बिना सिफारिश और बिना भ्रष्टाचार के नियुक्तियां हो रही हैं। उन्होंने दावा किया कि पिछली भर्ती में भी कोई शिकायत सामने नहीं आई।

पोषाहार वितरण में माफिया का अंत

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि 2017 से पहले पोषाहार वितरण पर माफिया, खासकर शराब माफिया का कब्जा था, जिससे बच्चों और माताओं के हक पर डकैती होती थी। वर्तमान सरकार ने इस तंत्र को समाप्त कर पारदर्शी व्यवस्था लागू की है। अब 35 लाख बच्चों को प्रतिदिन पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है।

कुपोषण के खिलाफ अभियान तेज

सीएम ने बताया कि पिछले वर्षों में 1.7 करोड़ से अधिक बच्चों की स्वास्थ्य स्क्रीनिंग की गई, जिसमें पाए गए कुपोषित बच्चों में से लगभग 80% को कुपोषण से मुक्त किया जा चुका है। बौनापन (स्टंटिंग) की दर में भी उल्लेखनीय गिरावट दर्ज हुई है।

“यशोदा मैया” की भूमिका में आंगनवाड़ी कार्यकत्रियां

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों को “यशोदा मैया” कहे जाने का जिक्र करते हुए सीएम ने कहा कि वे बच्चों के भविष्य को संवारने में अहम भूमिका निभा रही हैं। नई शिक्षा नीति के तहत 3 से 5 वर्ष के बच्चों के लिए प्री-प्राइमरी शिक्षा भी अब आंगनवाड़ी केंद्रों में दी जाएगी।

450 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण

कार्यक्रम में करीब 450 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया। इसमें नए आंगनवाड़ी केंद्रों और बाल विकास परियोजना कार्यालयों का निर्माण शामिल है।

महामारी में निभाई अहम भूमिका

सीएम योगी ने कोरोना काल में आंगनवाड़ी, आशा और एएनएम कार्यकत्रियों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने फ्रंटलाइन वर्कर के रूप में घर-घर जाकर सेवाएं दीं और प्रदेश को सुरक्षित रखने में बड़ा योगदान दिया।

मानदेय बढ़ाने के संकेत

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्मार्ट आंगनवाड़ी केंद्रों के साथ “स्मार्ट मानदेय” भी दिया जाएगा। इसके लिए विभाग को जल्द प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।

महिला और बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में महिला कल्याण, बाल विकास और पोषाहार विभाग की मंत्री बेबी रानी मौर्य, राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला, महापौर सुषमा खर्कवाल, विधान परिषद सदस्य मुकेश शर्मा, रामचंद्र प्रधान, लाल जी प्रसाद निर्मल, विधायक डॉ नीरज बोरा, अमरीश कुमार, जय देवी, योगेश शुक्ला, अपर मुख्य सचिव लीना जौहरी आदि की मौजूदगी रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!