गौर कैस्केड्स में टीम संकल्प की प्रचंड वापसी
राजनगर एक्सटेंशन के बहुचर्चित AOA चुनाव में निवासियों ने जवाबदेही, पारदर्शिता और नियम आधारित नेतृत्व पर जताया भरोसा
NEWS1UP
एओए/आरडब्ल्यूए डेस्क
गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन की गौर कैस्केड्स सोसाइटी के बहुचर्चित AOA चुनाव में टीम संकल्प ने जोरदार जीत दर्ज करते हुए नवोदय टीम को करारी शिकस्त दी है। इस जीत के साथ टीम संकल्प ने बोर्ड में दमदार वापसी कर दी है।
यह चुनाव केवल एक सोसाइटी तक सीमित नहीं था, बल्कि प्रशासनिक हलकों और पूरे NCR की रिहायशी सोसाइटीज़ की नजरें भी इस मुकाबले पर टिकी थीं। पिछले एक वर्ष से नियमों की अनदेखी, वित्तीय पारदर्शिता की कमी और बोर्ड की कार्यशैली को लेकर लगातार सवाल उठते रहे थे। मामला इतना बढ़ा कि प्रशासनिक दखल तक देखने को मिला।

चुनाव परिणामों में टीम संकल्प के उम्मीदवारों को निवासियों का जबरदस्त समर्थन मिला। संजीव मलिक को सर्वाधिक 644.5401 प्रतिशत वोट प्राप्त हुए। उनके बाद अनुज कुमार राठी को 637.6085 प्रतिशत, विनोद तेजवानी को 632.3741 प्रतिशत, मोहित राठी को 580.5285 प्रतिशत, अमित त्रेहन को 567.0427 प्रतिशत, निधि शर्मा को 563.0998 प्रतिशत, वंदना शर्मा को 540.0313 प्रतिशत, विवेक कुमार कौशिक को 537.3738 प्रतिशत, ऋषि विज को 536.1167 प्रतिशत तथा अशोक नरवाल को 532.5110 प्रतिशत मत हासिल हुए।
सोसाइटी प्रबंधन और सामाजिक दृष्टि से अहम माने जा रहे इस चुनाव को NCR की अन्य सोसाइटीज़ के लिए भी लिटमस टेस्ट माना जा रहा था। चुनाव परिणामों ने साफ संकेत दिया है कि अब निवासी जवाबदेही, पारदर्शिता और नियम आधारित प्रबंधन को प्राथमिकता दे रहे हैं।
निवासियों का मानना है कि वर्ष 2019 से 2023 तक टीम संकल्प के कार्यकाल में हुए विकास कार्य, व्यवस्थाओं में सुधार और भरोसेमंद नेतृत्व का लाभ उन्हें इस चुनाव में मिला। दूसरी ओर चुनाव परिणाम ने यह स्पष्ट संदेश दिया है कि सोसाइटी का मतदाता नियम-कानूनों से किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त करने के मूड में नहीं है।
