अर्जुन अवॉर्ड 2025: 17 खिलाड़ियों के नाम पर लगी मुहर, जानिए कौन-कौन बना देश का नया खेल सितारा
एथलेटिक्स से हॉकी, शतरंज से शूटिंग और कबड्डी से पैरा-स्पोर्ट्स तक चमके नाम
गायत्री गोपीचंद, विदित गुजराती समेत 17 खिलाड़ियों को मिलेगा प्रतिष्ठित सम्मान
NEWS1UP
स्पोर्ट्स डेस्क
नई दिल्ली। भारतीय खेल जगत के लिए बड़ी खबर है। केंद्र सरकार ने नेशनल स्पोर्ट्स अवॉर्ड 2025 की घोषणा कर दी है। देश के अलग-अलग खेलों में शानदार प्रदर्शन कर अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का मान बढ़ाने वाले 17 खिलाड़ियों को अर्जुन अवॉर्ड के लिए चुना गया है। इस सूची में एथलेटिक्स, बैडमिंटन और हॉकी के साथ शतरंज, शूटिंग, कबड्डी, रोइंग और पैरा-स्पोर्ट्स के खिलाड़ी भी शामिल हैं।
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की ओर से जारी पुरस्कार सूची में खिलाड़ियों के साथ उन प्रशिक्षकों को भी सम्मान दिया गया है, जिन्होंने वर्षों की मेहनत से भारतीय खेल प्रतिभाओं को तैयार करने में अहम भूमिका निभाई। पुरस्कारों के लिए नामों का चयन सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश जस्टिस (सेवानिवृत्त) अरुण कुमार मिश्रा की अध्यक्षता वाली चयन समिति की सिफारिशों के आधार पर किया गया।
17 खिलाड़ियों के प्रदर्शन को मिला राष्ट्रीय सम्मान

अर्जुन अवॉर्ड की सूची में एथलेटिक्स से तेजस्विन शंकर, मुहम्मद अजमल वी और प्रियंका गोस्वामी का नाम है। बैडमिंटन में ट्रीसा जॉली और पुलेला गायत्री गोपीचंद को यह प्रतिष्ठित सम्मान दिया जाएगा। बॉक्सिंग में नरेन्द्र, जबकि शतरंज में विदित संतोष गुजराती और दिव्या जीतेन्द्र देशमुख को अर्जुन अवॉर्ड के लिए चुना गया है। डेफ शूटिंग में धनुष श्रीकांत का चयन हुआ है।

हॉकी के मैदान पर भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले लालरेम्सियामी और राजकुमार पाल भी इस बार अर्जुन सम्मान हासिल करेंगे। कबड्डी में सुरजीत और पूजा के प्रदर्शन को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है।
पैरा-स्पोर्ट्स में भी इस बार उल्लेखनीय प्रतिनिधित्व है। पैरा-शूटिंग के रुद्रांश खंडेलवाल और पैरा-एथलेटिक्स की एकता भयान को अर्जुन अवॉर्ड के लिए चुना गया है। वहीं रोइंग में अरविन्द सिंह और शूटिंग में अखिल श्योराण को इस प्रतिष्ठित सम्मान से नवाजा जाएगा।
फुटबॉल के आई. अरुमैनायगम को लाइफटाइम अर्जुन
सरकार ने अर्जुन अवॉर्ड (लाइफटाइम) की भी घोषणा की है। फुटबॉल के आई. अरुमैनायगम को इस श्रेणी के लिए चुना गया है। यह सम्मान उन खिलाड़ियों के लिए है जिन्होंने सक्रिय खेल जीवन में उल्लेखनीय प्रदर्शन के बाद भी खेलों के विकास में अपना योगदान जारी रखा।
खिलाड़ियों के साथ ‘गुरुओं’ का भी सम्मान
भारतीय खेलों की सफलता के पीछे प्रशिक्षकों की भूमिका को देखते हुए इस वर्ष द्रोणाचार्य अवॉर्ड के नामों की भी घोषणा की गई है। नियमित श्रेणी में एथलेटिक्स के परवीर सिंह, बॉक्सिंग के छोटे लाल यादव और शूटिंग की नेहा नंदकुमार चव्हाण को द्रोणाचार्य सम्मान मिलेगा। वहीं लाइफटाइम श्रेणी में बॉक्सिंग के धर्मेंद्र सिंह यादव और कुश्ती के वीरेंद्र कुमार को चुना गया है।
मैदान से पदक तक, अब सम्मान की बारी
नेशनल स्पोर्ट्स अवॉर्ड की यह सूची सिर्फ पुरस्कार पाने वाले नामों की सूची नहीं है, बल्कि भारतीय खेलों में बदलते परिदृश्य की तस्वीर भी पेश करती है। पैरा-स्पोर्ट्स से लेकर डेफ शूटिंग और शतरंज से लेकर हॉकी तक, अलग-अलग खेलों के खिलाड़ियों को स्थान मिलना इस बात का संकेत है कि भारतीय खेल प्रतिभा अब किसी एक खेल तक सीमित नहीं रही।
अर्जुन अवॉर्ड के जरिए इन खिलाड़ियों के वर्षों के संघर्ष, प्रदर्शन और उपलब्धियों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलने जा रही है। अब निगाहें उस समारोह पर रहेंगी, जहां ये खिलाड़ी अपने शानदार खेल सफर के लिए देश का प्रतिष्ठित सम्मान हासिल करेंगे।
अर्जुन अवॉर्ड 2025 के लिए चयनित 17 खिलाड़ी
तेजस्विन शंकर, मुहम्मद अजमल वी, प्रियंका गोस्वामी, ट्रीसा जॉली, पुलेला गायत्री गोपीचंद, नरेन्द्र, विदित संतोष गुजराती, दिव्या जीतेन्द्र देशमुख, धनुष श्रीकांत, लालरेम्सियामी, राजकुमार पाल, सुरजीत, पूजा, रुद्रांश खंडेलवाल, एकता भयान, अरविन्द सिंह, अखिल श्योराण
