दुर्गा शक्ति नागपाल की निगरानी में 30 साल पुराने नजूल भूमि विवाद में बड़ा मोड़, वादी ने छोड़ी पैरवी, कब्जा भी हटाया
NEWS1UP
भूमेश शर्मा
गोंडा। करीब 30 साल से लंबित नजूल भूमि प्रकरण में बड़ा मोड़ सामने आया है। मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल की निगरानी में चल रहे मामले में वादी दयानंद मिश्रा ने न्यायालय में शपथ-पत्र देकर आगे पैरवी न करने और कार्यवाही समाप्त किए जाने का अनुरोध किया है। संबंधित पक्ष ने मौके से अपना कब्जा भी हटा लिया है।
कंटेम्प्ट कार्यवाही के बीच बदला घटनाक्रम
कथित फोन कॉल से जुड़े घटनाक्रम के बाद यह मामला हाईकोर्ट में कंटेम्प्ट कार्यवाही तक पहुंचा था। इस मामले में अंतिम न्यायिक निर्णय अभी लंबित है। इसी बीच मूल नजूल भूमि विवाद में वादी की ओर से आगे पैरवी न करने का अनुरोध और मौके से कब्जा हटाए जाने से मामले ने नया मोड़ ले लिया है।
यह प्रकरण आयुक्त कार्यालय एवं भवन के लिए आरक्षित नजूल भूखंड संख्या 514, 515, 524 और 525 से जुड़ा है और वर्ष 1997 से न्यायालय में लंबित था। प्रशासन अब कब्जामुक्त भूमि को सुरक्षित रखते हुए उसे निर्धारित शासकीय प्रयोजन में उपयोग करने की दिशा में कार्रवाई करेगा।
मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने कहा कि शासकीय भूमि का संरक्षण और जनहित में उसका उपयोग प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
