[t4b-ticker]

KDP ग्रैंड सवाना के मुद्दे पर जीडीए सचिव ने बुलाई अहम बैठक, बिल्डर और एओए प्रतिनिधि होंगे आमने-सामने

0
KD

NEWS1UP

संवाददाता

गाजियाबाद। केडीपी ग्रैंड सवाना में गेस्ट हाउस वापसी समेत निवासियों की विभिन्न मांगों को लेकर चल रहे शांतिपूर्ण धरने के बीच गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) के सचिव ने बिल्डर और अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन (एओए) के प्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण बैठक बुलाई है। यह बैठक 3 अक्टूबर को सुबह 11 बजे आयोजित की जाएगी।

एओए से प्राप्त जानकारी के मुताबिक बैठक की सूचना जीडीए के सहायक अभियंता ने एओए पदाधिकारियों को मोबाइल फोन पर कॉल कर दी। फोन पर दी गई सूचना के मुताबिक बैठक में बिल्डर और एओए प्रतिनिधियों की मौजूदगी में सोसाइटी से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।

धरने के 15वें दिन जीडीए सचिव की ओर से बैठक के लिए कॉल आने के बाद निवासियों में मामले के समाधान को लेकर उम्मीद जगी है। बताया गया है कि बैठक में सोसाइटी से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होगी। अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन फेडरेशन के प्रतिनिधि भी बैठक में शामिल होकर गेस्ट हाउस से जुड़े विवाद समेत निवासियों की अन्य प्रमुख मांगों और समस्याओं को जीडीए के समक्ष प्रमुखता से रखेंगे।

केडीपी ग्रैंड सवाना के निवासी पिछले 15 दिनों से अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से धरना दे रहे हैं। निवासियों की प्रमुख मांगों में गेस्ट हाउस की वापसी समेत सोसाइटी से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण विषय शामिल हैं।

अब सभी की नजरें 3 अक्टूबर को जीडीए सचिव की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक पर टिकी हैं। निवासियों को उम्मीद है कि बैठक में जीडीए मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित पक्षों के साथ चर्चा कर समाधान की दिशा में ठोस कार्रवाई सुनिश्चित करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!