रामनवमी पर वादकारियों के खिलाफ प्रतिकूल आदेश न हों, बार एसोसिएशन का बड़ा कदम!
गौतमबुद्धनगर बार एसोसिएशन की आम सभा में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित
अध्यक्ष मनोज भाटी की अध्यक्षता में न्यायालयों से की गई अपील
NEWS1UP
संवाददाता
गौतमबुद्धनगर। अदालतों में चल रहे मुकदमों में तारीखों और न्यायिक आदेशों को लेकर वादकारियों की चिंताओं के बीच जनपद दीवानी एवं फौजदारी बार एसोसिएशन, गौतमबुद्धनगर ने एक अहम प्रस्ताव पारित किया है। सोमवार को आयोजित एसोसिएशन की आम सभा में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि रामनवमी के अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से अवकाश घोषित किए जाने के मद्देनजर वादकारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए न्यायालयों से प्रतिकूल आदेश अथवा एडवर्स ऑर्डर पारित नहीं करने का अनुरोध किया जाए।

बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं अधिवक्ता मनोज भाटी (बोड़ाकी) की अध्यक्षता में हुई आम सभा का संचालन एसोसिएशन के सचिव एवं अधिवक्ता शोभाराम चन्दीला ने किया। सभा में पारित प्रस्ताव में कहा गया कि रामनवमी के त्योहार पर राज्य सरकार द्वारा अवकाश घोषित किए जाने के कारण अधिवक्ताओं और वादकारियों के समक्ष असुविधाजनक स्थिति उत्पन्न हो सकती है। ऐसे में माननीय न्यायालयों से अनुरोध किया गया है कि किसी भी वाद में वादकारी के विरुद्ध प्रतिकूल आदेश या एडवर्स ऑर्डर पारित न किया जाए।
न्यायिक प्रक्रिया में वादकारियों के हितों पर जोर
प्रस्ताव का मूल उद्देश्य अवकाश के कारण उत्पन्न होने वाली संभावित व्यावहारिक कठिनाइयों के बीच वादकारियों के हितों की रक्षा के लिए न्यायालयों का ध्यान आकर्षित करना है। बार एसोसिएशन ने इस विषय को सामूहिक रूप से उठाते हुए सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया और इसकी प्रतिलिपि संबंधित न्यायिक एवं प्रशासनिक अधिकारियों को भेजने का निर्णय दर्ज किया।
पत्र की प्रतिलिपि जनपद न्यायाधीश, प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय, मोटर दुर्घटना दावा न्यायाधिकरण, पीठासीन अधिकारी लेबर कोर्ट, न्यायालय कमर्शियल कोर्ट, किशोर न्याय बोर्ड, जिला अधिकारी, पुलिस आयुक्त तथा जिला उपभोक्ता फोरम के अध्यक्ष सहित संबंधित अधिकारियों को भेजी गईं हैं। है।
