भीषण हादसा: धौलाना में बारात बस पर पलटा ट्रक, 6 की मौत, कई घायल

0

शादी से लौट रही बारात की बस हाइड्रा ट्रक से टकराई

मलबे में दबे यात्री, राहत-बचाव में जुटी पुलिस और स्थानीय लोग

NEWS1UP

संवाददाता

हापुड़। उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जहां एक बारात की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। थाना धौलाना क्षेत्र के कपूरपुर-धौलाना मार्ग पर एक तेज रफ्तार बस और हाइड्रा ट्रक के बीच भीषण टक्कर हो गई, जिसके बाद ट्रक अनियंत्रित होकर बस के ऊपर ही पलट गया।

हादसे के बाद मची चीख-पुकार

टक्कर इतनी भयानक थी कि ट्रक सीधे बस के ऊपर जा गिरा, जिससे बस में सवार यात्री उसके नीचे दब गए। मौके पर चीख-पुकार मच गई और चारों तरफ अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इस हादसे में अब तक 6 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 7 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।

बारात से लौट रही थी बस

जानकारी के मुताबिक रविवार के देर रात को बस गाजियाबाद के डासना से बुलंदशहर के गुलावठी गई एक बारात को लेकर वापस लौट रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार के कारण बस अनियंत्रित हो गई और सामने से आ रहे हाइड्रा ट्रक से टकरा गई।

मौके पर पहुंची पुलिस और रेस्क्यू टीम

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। एसपी हापुड़ के नेतृत्व में करीब 6 थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। ट्रक के नीचे दबे लोगों को निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी।

बस के उड़े परखच्चे

हादसा इतना भीषण था कि बस पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसके परखच्चे उड़ गए। मलबे में दबे यात्रियों को निकालने के लिए घंटों तक राहत कार्य चलता रहा। घटनास्थल का मंजर इतना भयावह था कि देखने वालों की रूह कांप उठी।

घायलों का इलाज जारी

सभी घायलों को एंबुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पतालों, रामा मेडिकल कॉलेज, जीएस मेडिकल कॉलेज और सीएचसी धौलाना, में भर्ती कराया गया है, जहां कई की हालत गंभीर बनी हुई है।

शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया

पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतकों में एक व्यक्ति की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है, जिसे ट्रक चालक होने की आशंका जताई जा रही है।

बस में सवार थे 12 लोग

पुलिस अधीक्षक हापुड़ के अनुसार, बस में कुल 12 लोग सवार थे। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!