राजनगर एक्सटेंशन की ‘हम तुम रोड’ का ठेका फाइनल, 19.16 करोड़ में बनेगी 24 मीटर रोड

0

सीवर और ड्रेनेज भी होगा तैयार

NEWS1UP

संवाददाता

गाजियाबाद। लंबे इंतजार, विरोध और लगातार हादसों के बाद आखिरकार राजनगर एक्सटेंशन की चर्चित ‘हम तुम रोड’ के निर्माण कार्य का ठेका फाइनल हो गया है। यह महत्वपूर्ण परियोजना राज श्याम कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड को सौंपी गई है। कंपनी ने 19 करोड़ 16 लाख रुपये की सबसे कम बोली लगाकर L1 बिडर के रूप में बाजी मारी है। अब सड़क निर्माण कार्य जल्द शुरू होने की उम्मीद जताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक यह टेंडर केवल सड़क निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि 24 मीटर चौड़ी सड़क, सीवर लाइन और ड्रेनेज सिस्टम के निर्माण के लिए जारी किया गया है। इससे इलाके की वर्षों पुरानी जलभराव और खराब सड़क की समस्या का समाधान होने की उम्मीद बढ़ गई है।

गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के मुख्य अभियंता आलोक रंजन ने बताया कि अंतिम वित्तीय बोली के लिए चार कंपनियों को पात्र पाया गया था। इनमें राज श्याम कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड की बोली सबसे कम होने के कारण उसे चयनित किया गया। उन्होंने बताया कि यह प्रक्रिया दो दिन पहले पूरी होनी थी, लेकिन डोंगल में तकनीकी खामी आने से देरी हुई।

सात सोसायटियों और मोरटा गांव को मिलेगा बड़ा फायदा

हम तुम रोड बनने से इलाके की राज विलास, निलाया ग्रीन, मिडो विस्टा, दिया ग्रीन, संचार आर्केड रेजीडेंसी, मोती रेजीडेंसी और महक जीवन समेत सात बड़ी सोसायटियों के हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। साथ ही मोरटा गांव के निवासियों को भी खराब सड़क और जाम की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।

दर्जनों मौतों के बाद जागा प्रशासन

स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस सड़क की बदहाली के कारण अब तक दर्जनों लोगों की जान जा चुकी है, जबकि सैकड़ों सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। लगातार शिकायतों और विरोध प्रदर्शन के बाद अब प्रशासन हरकत में आया है।

इलाके के लोगों की मांग- जल्द शुरू हो निर्माण

निवासियों का कहना है कि टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, इसलिए अब बिना देरी निर्माण कार्य शुरू कराया जाए, ताकि वर्षों पुरानी समस्या का स्थायी समाधान हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!