यूपी बोर्ड परीक्षा 2027: 5 फरवरी से बजेगी इम्तिहान की घंटी, 24 फरवरी तक चलेगा परीक्षा का दौर!
प्रतीकात्मक इमेज
हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं दो पालियों में होंगी आयोजित, पहले दिन हिंदी से होगी शुरुआत
परीक्षार्थियों के लिए जारी हुई विषयवार समय-सारिणी
NEWS1UP
एजुकेशन डेस्क
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश में बोर्ड परीक्षा की तैयारी कर रहे लाखों छात्र-छात्राओं के लिए फरवरी का महीना बेहद अहम होने जा रहा है। हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाओं का कार्यक्रम सामने आने के साथ ही विद्यार्थियों की तैयारी अब निर्णायक दौर में पहुंच गई है। माध्यमिक शिक्षा परिषद के सचिव भगवती सिंह ने 12 अक्टूबर को विज्ञप्ति जारी कर यूपी बोर्ड परीक्षा 2027 की समय-सारिणी की जानकारी दी। यूपी बोर्ड की परीक्षाएं 5 फरवरी से शुरू होकर 24 फरवरी तक चलेंगी।
51.98 लाख से अधिक परीक्षार्थियों पर रहेगी नजर
यूपी बोर्ड की परीक्षाओं में इस बार परीक्षार्थियों की बड़ी संख्या शामिल होगी। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, हाईस्कूल और इंटरमीडिएट मिलाकर 51 लाख 98 हजार से अधिक विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया है। इनमें हाईस्कूल के करीब 27.74 लाख और इंटरमीडिएट के लगभग 24.24 लाख परीक्षार्थी शामिल हैं। इतनी बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की परीक्षा आयोजित कराना बोर्ड के लिए एक बड़ी प्रशासनिक जिम्मेदारी होगी। वहीं, विद्यार्थियों के लिए विषयवार परीक्षा तिथियों को ध्यान में रखते हुए समयबद्ध तैयारी करना महत्वपूर्ण होगा।

दो पालियों में होगा परीक्षा संचालन
परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार, पहली पाली सुबह 8:30 बजे से 11:45 बजे तक निर्धारित है, जबकि दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक चलेगी। विद्यार्थियों को अपने विषय की परीक्षा तिथि और पाली की जानकारी पहले से स्पष्ट कर लेनी चाहिए, ताकि परीक्षा के दिन किसी तरह की असमंजस की स्थिति न बने। खासकर ऐसे विद्यार्थियों के लिए विषयवार समय-सारिणी महत्वपूर्ण है, जिनके पाठ्यक्रम में सामान्य विषयों के साथ व्यावसायिक या कृषि से जुड़े विषय भी शामिल हैं।
हाईस्कूल की परीक्षा का कार्यक्रम
हाईस्कूल की परीक्षाएं 5 फरवरी को हिंदी और प्रारंभिक हिंदी से शुरू होंगी। 8 फरवरी को सामाजिक विज्ञान, 9 फरवरी को मानव विज्ञान और 10 फरवरी को अंग्रेजी तथा इलेक्ट्रॉनिक शिल्प की परीक्षा होगी। 12 फरवरी को गृह विज्ञान और 13 फरवरी को गणित का प्रश्नपत्र निर्धारित है। इसके बाद 15 फरवरी को संस्कृत, 16 फरवरी को गुजराती, तमिल, पंजाबी, बंगला और मराठी जैसे विषयों की परीक्षा होगी।
17 फरवरी को विज्ञान तथा संगीत वादन, 18 फरवरी को कंप्यूटर और सिलाई, 19 फरवरी को वाणिज्य तथा 20 फरवरी को उर्दू की परीक्षा होगी। 22 फरवरी को चित्रकला और रंजन कला, 23 फरवरी को संगीत गायन, पालि, अरबी और फारसी तथा 24 फरवरी को कृषि का प्रश्नपत्र निर्धारित किया गया है।
इंटरमीडिएट की परीक्षाएं भी हिंदी से शुरू
इंटरमीडिएट की परीक्षाओं की शुरुआत भी 5 फरवरी को हिंदी और सामान्य हिंदी के प्रश्नपत्र से होगी। 8 फरवरी को अंग्रेजी, 9 फरवरी को काष्ठ शिल्प, ग्रंथ शिल्प, सिलाई शिल्प सहित अन्य निर्धारित विषयों और नागरिक शास्त्र की परीक्षा होगी। 10 फरवरी को व्यावसायिक विषयों के दो प्रश्नपत्र तथा इतिहास की परीक्षा आयोजित की जाएगी।
12 फरवरी को जीव विज्ञान और गणित की परीक्षा होगी, जबकि 13 फरवरी को शस्य विज्ञान, कृषि वनस्पति विज्ञान, कृषि अर्थशास्त्र और अर्थशास्त्र के प्रश्नपत्र निर्धारित हैं। 15 फरवरी को संगीत गायन, संगीत वादन, नृत्यकला, रसायन विज्ञान और समाजशास्त्र की परीक्षा होगी। 16 फरवरी को कृषि भौतिक एवं जलवायु विज्ञान, कृषि जंतु विज्ञान और भूगोल का प्रश्नपत्र होगा।
17 फरवरी को भौतिक विज्ञान और सैन्य विज्ञान, 18 फरवरी को कृषि अभियांत्रिकी, कृषि पशुपालन, चित्रकला और रंगकला की परीक्षा आयोजित की जाएगी। 19 फरवरी को व्यावसायिक विषयों के पांच प्रश्नपत्र तथा मानव विज्ञान निर्धारित हैं। 20 फरवरी को उर्दू, गुजराती, पंजाबी, बंगला, मराठी सहित अन्य भाषाओं के साथ मनोविज्ञान, शिक्षाशास्त्र और तर्कशास्त्र की परीक्षा होगी।
इसके बाद 22 फरवरी को सामान्य आधारिक विषय, कृषि गणित एवं सांख्यिकी, कृषि रसायन विज्ञान, व्यवसाय अध्ययन और गृह विज्ञान की परीक्षा होगी। 23 फरवरी को लेखाशास्त्र, एनसीसी, पालि, अरबी और फारसी के प्रश्नपत्र होंगे। अंतिम दिन 24 फरवरी को कंप्यूटर और संस्कृत की परीक्षा के साथ इंटरमीडिएट का परीक्षा कार्यक्रम समाप्त होगा।
