ग्रेटर नोएडा: NEET की तैयारी कर रही छात्रा अचानक लापता, इंस्टाग्राम दोस्त के साथ जाने की आशंका
बीटा-2 थाना क्षेत्र का मामला, दोनों बताए जा रहे हैं बालिग
पुलिस जांच में जुटी, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
NEWS1UP
संवाददाता
गौतमबुद्धनगर। ग्रेटर नोएडा से बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां NEET की तैयारी कर रही एक छात्रा संदिग्ध परिस्थितियों में अपने घर से लापता हो गई। घटना के बाद से परिजनों में हड़कंप मचा हुआ है और उन्होंने पुलिस से बेटी को जल्द ढूंढने की गुहार लगाई है।
जानकारी के मुताबिक, बीटा-2 कोतवाली क्षेत्र की एक सोसाइटी में रहने वाली छात्रा मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET की तैयारी कर रही थी। पढ़ाई के दौरान वह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम का इस्तेमाल भी करती थी। इसी दौरान उसकी पहचान एक युवक से हुई, जो खुद भी NEET की तैयारी कर रहा बताया जा रहा है।
सोशल मीडिया बना कड़ी
जांच में सामने आया है कि दोनों के बीच इंस्टाग्राम पर लगातार बातचीत होती थी। धीरे-धीरे यह दोस्ती गहरी होती गई। परिजनों का कहना है कि छात्रा के व्यवहार में पिछले कुछ समय से बदलाव देखने को मिल रहा था, लेकिन उसने कभी खुलकर कुछ नहीं बताया।
अचानक हुई गायब
करीब एक महीने पहले छात्रा अचानक घर से लापता हो गई। परिवार ने अपने स्तर पर काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस जांच में खुलासा
पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की तो चौंकाने वाली जानकारी सामने आई। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि छात्रा अपने सोशल मीडिया मित्र के साथ गई है। पुलिस के अनुसार दोनों बालिग हैं, इसलिए मामले को उसी दृष्टिकोण से देखा जा रहा है।
बीटा-2 कोतवाली प्रभारी ने बताया कि छात्रा की गुमशुदगी दर्ज कर ली गई है और टीम उसकी तलाश में जुटी है। जल्द ही उसे बरामद करने का दावा किया जा रहा है।
परिजनों की अपील
वहीं, छात्रा के परिजन बेहद परेशान हैं। उनका कहना है कि बेटी पढ़ाई में पूरी तरह समर्पित थी, ऐसे में अचानक गायब होना चिंता का विषय है। उन्होंने पुलिस से जल्द से जल्द उसे सुरक्षित वापस लाने की मांग की है।
