गुलमोहर एन्क्लेव में लिफ्ट हादसे में निवासी घायल, शिकायत पर RWA सचिव पर धमकाने का आरोप

0

सोसाइटी में सुरक्षा और मेंटेनेंस पर उठे सवाल, पुलिस में शिकायत दर्ज

NEWS1UP

एओए/आरडब्ल्यूए डेस्क

गाजियाबाद। राकेश मार्ग स्थित गुलमोहर एन्क्लेव सोसाइटी में कथित लिफ्ट हादसे के बाद सुरक्षा और मेंटेनेंस व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। जहां एक ओर निवासी ने हादसे में घायल होने और धमकी मिलने का आरोप लगाया है, वहीं आरडब्ल्यूए (RWA) सचिव ने इन आरोपों को खारिज किया है।

लिफ्ट हादसे में घायल निवासी पंकज बत्रा

टावर सी-2 के फ्लैट नंबर 605 निवासी पंकज बत्रा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सोमवार देर रात वह लिफ्ट नंबर 18 से नीचे आ रहे थे, तभी लिफ्ट अचानक डगमगाने लगी और झटकों के साथ नीचे गिरते हुए तीसरी मंजिल पर आकर रुक गई। इस दौरान वह लिफ्ट की दीवारों से टकरा गए और उन्हें चोटें आईं। पीड़ित के अनुसार, उन्हें पसलियों और अंदरूनी चोट की समस्या हुई है।

घटना के बाद बत्रा ने सोसाइटी के व्हाट्सएप ग्रुप पर जानकारी साझा की। आरोप है कि उन्हें ग्रुप से हटा दिया गया। उन्होंने आरडब्ल्यूए कार्यालय में भी लिखित शिकायत दी और बाद में डायल 112 व सिहानी गेट थाने में शिकायत दर्ज कराई। उनका दावा है कि उनके पास कथित धमकी की कॉल रिकॉर्डिंग भी मौजूद है।

इस पूरे मामले में RWA सचिव ए.के. दोहरे ने आरोपों से इनकार किया है। उनका कहना है कि शिकायत मिलते ही उन्होंने तुरंत फैसिलिटी मैनेजर को संज्ञान लेने के निर्देश दिए और लिफ्ट कंपनी Otis Elevator को भी तत्काल सूचना दी गई। साथ ही, उन्होंने यह भी  कहा कि किसी को धमकाने का आरोप निराधार है।

मेंटेनेंस और सुरक्षा पर सवाल

वहीं, पीड़ित और गौरव बंसल सहित कुछ अन्य निवासियों का कहना है कि भारी मेंटेनेंस शुल्क के बावजूद लिफ्ट की स्थिति संतोषजनक नहीं है। उन्होंने लिफ्ट के पंजीकरण और नियमित जांच को लेकर भी सवाल उठाए हैं। सोसाइटी में इस मुद्दे को लेकर असंतोष का माहौल है। बताया जा रहा है कि पीड़ित अन्य निवासियों के साथ जल्द ही जिलाधिकारी और कमिश्नर से मिलकर पूरे मामले की शिकायत करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!