KW सृष्टि सोसाइटी के बाहर बीच सड़क संग्राम, पत्थरबाजी और लाठी-डंडों से हमला, VIDEO वायरल
राजनगर एक्सटेंशन में सरेशाम दो गुटों में हिंसक झड़प, दहशत में स्थानीय लोग, पुलिस कार्रवाई की मांग तेज
NEWS1UP
संवाददाता
गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन स्थित KW सृष्टि सोसाइटी के मुख्य गेट के बाहर उस समय हड़कंप मच गया, जब दो गुटों के बीच अचानक हिंसक झड़प शुरू हो गई। देखते ही देखते मामूली कहासुनी ने उग्र रूप ले लिया और बीच सड़क पर ही पत्थरबाजी व लाठी-डंडे चलने लगे। घटना दो दिन पहले शाम के समय की बताई जा रही है।
घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि करीब दर्जनभर युवक पहले आपस में लात-घूंसे चला रहे हैं, लेकिन कुछ ही पलों में मामला बेकाबू हो जाता है। एक गुट के युवक पास खड़ी कारों से डंडे और हॉकी निकालकर दूसरे गुट पर हमला कर देते हैं।
स्थिति इतनी भयावह हो गई कि दूसरे गुट के कुछ युवक अपनी जान बचाने के लिए सोसाइटी के अंदर भागते नजर आए। इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
स्थानीय लोगों में आक्रोश
घटना के बाद सोशल मीडिया पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए सवाल उठाए हैं कि आखिर दिनदहाड़े इस तरह की गुंडागर्दी कैसे हो रही है।
पुलिस पर उठे सवाल
बीच सड़क पर खुलेआम हिंसा और हथियारों का इस्तेमाल होने से कानून-व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि झगड़े की वजह क्या थी, लेकिन वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है।
