गाजियाबाद में आवारा कुत्तों का आतंक जारी, युवक पर हमला
NEWS1UP
संवाददाता
गाजियाबाद। शहर में आवारा कुत्तों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार को गुलमोहर एनक्लेव सोसाइटी के मेंटेनेंस कलेक्शन कर्मचारी अनुज ठाकुर पर संजय नगर स्थित उनके घर के बाहर आवारा कुत्तों ने हमला कर दिया। हमले में कुत्ते ने अनुज की बाई टांग पर काट लिया, जिससे अनुज दहशत में आ गए।
अचानक हुए इस हमले से घबराए अनुज ठाकुर ने सोसाइटी निवासी गौरव बंसल को फोन कर मदद मांगी। बुधवार को गौरव बंसल उन्हें सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां अनुज को एंटी रेबीज इंजेक्शन लगाया गया।
गौरव बंसल ने घटना पर नाराजगी जताते हुए कहा कि शहर में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है, लेकिन सरकारी संस्थाएं इस गंभीर समस्या को लेकर पूरी तरह शिथिल नजर आ रही हैं। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट भी आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर स्पष्ट निर्देश दे चुका है, इसके बावजूद हालात नियंत्रण में नहीं हैं।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि आवारा कुत्तों को जल्द से जल्द शेल्टर होम भेजा जाए ताकि बच्चे, बुजुर्ग और आम नागरिक सुरक्षित रह सकें। लगातार बढ़ रही कुत्ता काटने की घटनाओं से लोगों में भय का माहौल बना हुआ है।
