‘हम तुम रोड’ पर बारिश नहीं, सिस्टम बहा रहा पानी !
राजनगर एक्सटेंशन की हम तुम रोड पर शाम होते ही भरा पानी
लोग बोले, क्या 24 मीटर सड़क का सपना डूब रहा है ?
NEWS1UP
संवाददाता
गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन स्थित चर्चित “हम तुम रोड” पर बुधवार शाम अचानक ऐसा नजारा देखने को मिला, मानो शहर में मूसलाधार बारिश हुई हो। तपती गर्मी के बीच पूरी सड़क पानी से लबालब नजर आई, जिससे वहां से गुजर रहे लोग हैरान रह गए। स्थानीय लोगों ने सवाल उठाया कि आखिर बिना बारिश सड़क पर इतना पानी आया कहां से ?
स्थानीय सूत्रों और निवासियों के अनुसार सड़क पर बह रहा पानी बारिश का नहीं, बल्कि आसपास की कुछ सोसायटियों से निकलने वाला सीवर और ड्रेनेज का पानी बताया जा रहा है। आरोप है कि कई बिल्डरों ने सोसायटियों में सीवर निकासी और रेन वाटर हार्वेस्टिंग की समुचित व्यवस्था ही नहीं की।

बताया जा रहा है कि कुछ सोसायटियों ने गंदे पानी की निकासी के लिए जमीन के अंदर पाइप दबा रखे हैं, जिनके जरिए सीवर और अन्य पानी को बाहर फेंका जाता था। आशंका जताई जा रही है कि उन्हीं पाइपों में कहीं लीकेज या टूट-फूट होने के कारण अचानक सड़क पर भारी मात्रा में पानी भर गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह मामला केवल सड़क की खराब हालत तक सीमित नहीं है, बल्कि यह पूरे निर्माण मॉडल और निगरानी व्यवस्था की विफलता को उजागर करता है। लोगों ने सवाल उठाया कि यदि सोसायटियों के ड्रेनेज और सीवर सिस्टम सही तरीके से बनाए गए होते, तो सड़क पर इस तरह पानी बहने की नौबत ही नहीं आती।
उधर गाजियाबाद विकास प्राधिकरण द्वारा प्रस्तावित 24 मीटर चौड़ी सड़क का मुद्दा पहले ही विवादों में है। जमीन अधिग्रहण अटकने के बाद अब सड़क को केवल मौजूदा लगभग 6 मीटर चौड़ाई में बनाए जाने की चर्चा से निवासी नाराज हैं।
निवासियों का आरोप है कि यदि अभी केवल 6 मीटर सड़क बनाकर काम पूरा दिखा दिया गया, तो भविष्य में 24 मीटर चौड़ी सड़क का सपना हमेशा के लिए अधूरा रह जाएगा। लोगों ने यह भी कहा कि बिल्डरों ने फ्लैट बेचते समय 24 मीटर चौड़ी सड़क का वादा किया था और यही योजना सरकारी नक्शों में भी दिखाई गई थी।
