अब पैसिफिक मॉल के सिनेमा हॉल में आग !!

0

क्या गाजियाबाद के बड़े कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स और बहुमंजिला सोसायटियां अग्नि सुरक्षा के लिए तैयार हैं ?

NEWS1UP

भूमेश शर्मा

गाजियाबाद। भीषण गर्मी के बीच गाजियाबाद में लगातार सामने आ रही आगजनी की घटनाओं ने शहर की सुरक्षा व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। गुरुवार सुबह कौशांबी स्थित पैसिफिक मॉल में लगी आग ने एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर कर दिया कि शहर के बड़े मॉल और व्यावसायिक इमारतें तथा हाईराइज सोसायटियां आग जैसी आपात स्थितियों से निपटने के लिए कितनी तैयार हैं।

सुबह करीब 7 बजकर 16 मिनट पर फायर स्टेशन वैशाली को सूचना मिली कि मॉल के अंदर स्थित मल्टीप्लेक्स के प्रोजेक्टर रूम में आग लग गई है। शुरुआती चिंगारी कुछ ही मिनटों में सिनेमा ऑडी तक पहुंच गई और पूरा क्षेत्र धुएं से भर गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए वैशाली, कोतवाली और साहिबाबाद फायर स्टेशन से दमकल की गाड़ियों को तत्काल मौके पर रवाना किया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ देर के लिए मॉल परिसर में अफरा-तफरी जैसी स्थिति बन गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि सुबह का समय होने के कारण मॉल में भीड़ नहीं थी, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

सीएफओ राहुल कुमार पाल

मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल के नेतृत्व में दमकल कर्मियों ने बी.ए. सेट पहनकर धुएं के बीच अंदर प्रवेश किया और करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग की भयावहता को देखते हुए कुल 10 फायर टेंडर मौके पर लगाए गए। फायर विभाग ने मॉल के फायर फाइटिंग सिस्टम का भी इस्तेमाल किया, जिसके चलते आग को अन्य ऑडी और दुकानों तक फैलने से रोक लिया गया।

फिलहाल मॉल परिसर में कूलिंग और धुआं निकालने का काम जारी है। प्रारंभिक जांच में आग प्रोजेक्टर रूम से शुरू होना बताया जा रहा है, हालांकि शॉर्ट सर्किट समेत अन्य तकनीकी कारणों की भी जांच की जा रही है।

लगातार बढ़ रही आग की घटनाओं के बीच अब सवाल यह उठ रहा है कि क्या गाजियाबाद के बड़े मॉल, सोसाइटी और व्यावसायिक भवन केवल कागजों में ही फायर सेफ्टी मानकों का पालन कर रहे हैं? गर्मी बढ़ने के साथ इलेक्ट्रिकल लोड और एसी सिस्टम पर दबाव भी बढ़ रहा है, ऐसे में सुरक्षा ऑडिट और फायर सिस्टम की नियमित जांच की मांग तेज होने लगी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!