भीषण गर्मी और बढ़ती बिजली मांग के बीच सरकार अलर्ट, उपभोक्ताओं से संयमित उपयोग की अपील
कटौती और फॉल्ट रोकने के लिए जारी की गई एडवाइजरी
NEWS1UP
भूमेश शर्मा
लखनऊ। भीषण गर्मी के बीच उत्तर प्रदेश में बिजली संकट लगातार गहराता जा रहा है। कई जिलों में लगातार हो रही कटौती से आमजन परेशान हैं। कहीं लोगों ने बिजली घरों का घेराव किया तो कहीं अधिकारियों के खिलाफ प्रदर्शन देखने को मिले। बढ़ती नाराजगी के बीच अब ऊर्जा विभाग ने उपभोक्ताओं से बिजली बचाने की अपील करते हुए एक विशेष जागरूकता अभियान शुरू किया है।
बिजली विभाग की ओर से जारी ऑडियो संदेश में कहा गया है कि “बिजली सिर्फ तारों से नहीं, बल्कि जिम्मेदारी और तहज़ीब से भी आती है।” विभाग ने लोगों से अनावश्यक बिजली खर्च रोकने और सीमित उपयोग करने की अपील की है, ताकि गर्मियों में सप्लाई व्यवस्था पर अतिरिक्त दबाव कम किया जा सके।
AC 24 डिग्री पर चलाने की सलाह
ऊर्जा विभाग ने उपभोक्ताओं से कहा है कि एयर कंडीशनर को 24 डिग्री तापमान पर चलाएं और जरूरत न होने पर बंद रखें। साथ ही पानी की मोटर, हीटर और अन्य भारी उपकरणों का उपयोग सीमित करने की सलाह दी गई है। विभाग का कहना है कि एक साथ कई भारी उपकरण चलाने से ट्रांसफॉर्मरों पर लोड बढ़ता है, जिससे फॉल्ट और बिजली बाधित होने की घटनाएं बढ़ जाती हैं।
विभाग ने यह भी कहा है कि दिन के समय अनावश्यक लाइट, पंखे और सजावटी रोशनी बंद रखें। घर में कोई मौजूद न हो तो AC और पंखे चालू न छोड़ें। खराब वायरिंग और ढीले कनेक्शन को तुरंत ठीक कराने की भी सलाह दी गई है।
अवैध बिजली उपयोग पर भी सख्ती
ऊर्जा विभाग ने कटिया और अवैध बिजली उपयोग को भी सप्लाई बाधित होने का बड़ा कारण बताया है। अधिकारियों के अनुसार बिजली चोरी से लाइन पर अतिरिक्त दबाव बढ़ता है और कई इलाकों में ट्रिपिंग तथा फॉल्ट की समस्या पैदा होती है। विभाग ने लोगों से जिम्मेदार उपभोक्ता बनने और बिजली बचत अभियान में सहयोग करने की अपील की है।
CM योगी ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
प्रदेश में बढ़ती बिजली समस्या को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाल ही में उच्चस्तरीय बैठक कर अधिकारियों को व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा है कि बिजली आपूर्ति में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और शिकायतों के निस्तारण में देरी करने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई होगी।
सरकार की ओर से जारी निर्देशों में शहरों में 24 घंटे और ग्रामीण क्षेत्रों में कम से कम 18 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है। इसके अलावा उत्पादन क्षमता बढ़ाने, ट्रांसमिशन नेटवर्क मजबूत करने, फीडरवार मॉनिटरिंग और शिकायतों के त्वरित समाधान के निर्देश भी दिए गए हैं।
बढ़ती गर्मी से बिजली मांग रिकॉर्ड स्तर पर
ऊर्जा विभाग के अनुसार प्रदेश में तापमान बढ़ने के साथ बिजली की मांग लगातार नए रिकॉर्ड बना रही है। AC, कूलर और पानी की मोटरों के अधिक उपयोग से बिजली खपत में भारी इजाफा हुआ है। ऐसे में सरकार और विभाग दोनों उपभोक्ताओं से सहयोग की अपेक्षा कर रहे हैं, ताकि गर्मियों के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति बनाए रखी जा सके।