कभी नज़रअंदाज़ न करें हाई ब्लड प्रेशर को
– स्ट्रोक का कारण बन सकता है उच्च रक्तचाप
– धूम्रपान एवं तंबाकू से दूर रहना चाहिए
NEWS1UP
गाजियाबाद। हाई ब्लड प्रेशर यानि उच्च रक्तचाप को कभी भी नज़रअंदाज़ नहीं करना चाहिए। ये कभी भी स्ट्रोक जैसी गंभीर स्थिति का कारण बन सकता है जो कि एक मेडिकल इमरजेंसी है।

ये जानकारी डॉ. पुनीत मलिक एवं डॉ. अंकुर गौड़ ने महागुन मैस्कॉट सोसायटी में स्ट्रोक जागरूकता कार्यक्रम के दौरान दी। जनसामान्य में स्ट्रोक के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से यशोदा हॉस्पिटल के कंसल्टेंट न्यूरोसर्जन डॉ. पुनीत मलिक एवं सीनियर कंसल्टेंट फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. अंकुर गौड़ द्वारा एक विशेष स्ट्रोक अवेयरनेस प्रोग्राम का आयोजन किया गया। उपस्थित लोगों को स्ट्रोक के शुरुआती लक्षणों, जोखिम कारकों तथा समय पर उपचार के महत्व के बारे में सरल एवं प्रभावी तरीके से जानकारी दी गई।

डॉ. पुनीत मलिक ने बताया कि स्ट्रोक एक मेडिकल इमरजेंसी है जो की बढ़ते हुए रक्तचाप को नजरंदाज करने पर गंभीर रूप ले सकती है और यदि मरीज को समय रहते अस्पताल पहुंचाया जाए तो उसके जीवन एवं मस्तिष्क को गंभीर क्षति से बचाया जा सकता है। उन्होंने सभी को FAST (Face drooping, Arm weakness, Speech difficulty, Time to act) के बारे में भी जागरूक किया।

डॉ. अंकुर गौड़ ने स्ट्रोक के बाद शीघ्र फिजियोथेरेपी एवं पुनर्वास की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए बताया कि सही समय पर शुरू किया गया पुनर्वास मरीज की कार्यक्षमता और जीवन की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार ला सकता है।
कार्यक्रम में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा स्ट्रोक की पहचान, प्राथमिक उपचार एवं बचाव के उपायों से संबंधित अनेक प्रश्न पूछे। विशेषज्ञों ने सभी को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नियमित रक्तचाप, शुगर एवं कोलेस्ट्रॉल की जांच कराने तथा धूम्रपान एवं तंबाकू से दूर रहने की अपील की।

महागुन सोसाइटी आरडब्ल्यूए के अध्यक्ष शैलेंद्र कुमार ने बताया कि इस जागरूकता अभियान का उद्देश्य समाज में स्ट्रोक के प्रति सही जानकारी पहुंचाना तथा लोगों को समय रहते उचित चिकित्सा लेने के लिए प्रेरित करना था। इस अवसर पर सचिव गौरव गर्ग, कोषाध्यक्ष अमृतांशु, डॉ सुधा तोमर, डॉ नेहा रस्तोगी, नेहा महाजन, प्रभजीत कौर, नूपुर जैसवाल की भी उपस्थिति रही। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों को फर्स्ट ऐड किट्स भी बांटी गईं।
