द अशोक फाउंडेशन की पहल: इंदिरापुरम पब्लिक स्कूल में कैंसर जागरूकता सत्र
कैंसर से डरिए नहीं, पहचानिए! स्कूल में जागरूकता की पहल, विशेषज्ञ ने बताया समय पर जांच का महत्व
NEWS1UP
संवाददाता
गाजियाबाद। कैंसर का नाम सुनकर डरने के बजाय उससे लड़ने के लिए जागरूक होना जरूरी है। इसी संदेश के साथ द अशोक फाउंडेशन ने क्रॉसिंग रिपब्लिक स्थित इंदिरापुरम पब्लिक स्कूल में कैंसर जागरूकता सत्र आयोजित किया। इसमें शिक्षकों से लेकर ड्राइवर, हेल्पर, सफाईकर्मी और अन्य सहयोगी कर्मचारियों ने हिस्सा लिया। विशेषज्ञ चिकित्सक ने कैंसर के संभावित कारणों, शुरुआती लक्षणों, बचाव और उपचार की जानकारी देते हुए समय पर जांच और शीघ्र पहचान को बेहद महत्वपूर्ण बताया।

कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय की प्रधानाचार्या रेनू शर्मा द्वारा द अशोक फाउंडेशन के संस्थापक अनुरंजन श्रीवास्तव और सर्वोदय अस्पताल, नोएडा एक्सटेंशन की कंसल्टेंट मेडिकल ऑन्कोलॉजिस्ट डॉ. चिन्मयी अग्रवाल के स्वागत से हुई। प्रधानाचार्या ने अतिथियों को पौधा भेंट किया।

सत्र के दौरान अनुरंजन श्रीवास्तव ने फाउंडेशन की ओर से कैंसर देखभाल और जागरूकता के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बीमारी के खिलाफ लड़ाई में जागरूकता और स्वस्थ जीवनशैली की महत्वपूर्ण भूमिका है।
डॉ. चिन्मयी अग्रवाल ने कैंसर को लेकर मौजूद डर और भ्रांतियों के बीच वैज्ञानिक जानकारी को आसान भाषा में सामने रखा। उन्होंने कैंसर के संभावित कारणों, शुरुआती संकेतों, बचाव के उपायों, जांच और उपचार की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कर्मचारियों ने भी बीमारी से जुड़े कई सवाल पूछे, जिनका चिकित्सक ने समाधान किया।
भय नहीं, जागरूकता जरूरी

कार्यक्रम में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि कैंसर की जानकारी केवल मरीजों तक सीमित न रहकर समाज के हर वर्ग तक पहुंचनी चाहिए। बीमारी के शुरुआती संकेतों को नजरअंदाज न करना और जरूरत पड़ने पर समय पर चिकित्सकीय सलाह लेना उपचार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हो सकता है।
