September 5, 2026
[t4b-ticker]

कांवड़ यात्रा की तैयारियों पर कमिश्नर का फूटा गुस्सा, बृजघाट में ईओ को लगाई कड़ी फटकार

0
FF

मेरठ मंडलायुक्त और डीआईजी के निरीक्षण में खुली तैयारियों की पोल

डीएम-एसपी के सामने नगर पालिका की कार्यशैली पर उठे सवाल

NEWS1UP

संवाददाता

हापुड़। श्रावण मास की कांवड़ यात्रा से पहले गढ़मुक्तेश्वर और बृजघाट की तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे मेरठ मंडल के मंडलायुक्त भानु चंद्र गोस्वामी और डीआईजी कलानिधि नैथानी ने अधूरी व्यवस्थाएं देखकर नाराजगी जताई। निरीक्षण के दौरान बदहाल तैयारियों पर मंडलायुक्त का पारा चढ़ गया और उन्होंने जिलाधिकारी कविता मीना, पुलिस अधीक्षक ज्ञानंजय सिंह समेत अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में नगर पालिका परिषद गढ़मुक्तेश्वर की अधिशासी अधिकारी (ईओ) पवित्रा त्रिपाठी को कड़ी फटकार लगाई।

निरीक्षण में दिखी तैयारियों की हकीकत

श्रावण मास में गढ़मुक्तेश्वर और बृजघाट पर लाखों कांवड़िये और श्रद्धालु गंगा जल लेने तथा दर्शन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में शासन स्तर पर सुरक्षा, स्वच्छता, ट्रैफिक प्रबंधन, बैरिकेडिंग और घाटों पर आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके बावजूद निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर तैयारियां अधूरी और व्यवस्थाएं असंतोषजनक मिलीं।

नगर पालिका की कार्यशैली पर उठे सवाल

घाटों और आसपास के क्षेत्रों में अव्यवस्था देखकर मंडलायुक्त ने नगर पालिका की कार्यशैली पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने स्पष्ट किया कि धार्मिक आयोजन जैसे संवेदनशील अवसर पर किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। अधिकारियों को तत्काल सभी कमियों को दूर करने के निर्देश दिए गए।

कांवड़ यात्रा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं

मंडलायुक्त भानु चंद्र गोस्वामी और डीआईजी कलानिधि नैथानी ने दो टूक कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। घाटों पर बैरिकेडिंग, गोताखोरों की तैनाती, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था और यातायात प्रबंधन में किसी भी स्तर की ढिलाई पर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!