September 4, 2026
[t4b-ticker]

शिवमय हुआ स्कार्डी ग्रीन्स: ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष के बीच विराजे भगवान भोलेनाथ

0
MR

तीन दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान में उमड़ा आस्था का सैलाब

वैदिक मंत्रोच्चार और ‘हर-हर महादेव‘ के जयघोष से गुंजायमान रहा परिसर

NEWS1UP 

धर्म-कर्म डेस्क

गाजियाबाद। एनएच-9 स्थित गोल्फ लिंक्स टाउनशिप की स्कार्डी ग्रीन्स सोसाइटी में बुधवार को भगवान भोलेनाथ मंदिर के प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव का भव्य एवं आध्यात्मिक आयोजन श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। तीन दिवसीय इस धार्मिक महोत्सव में बड़ी संख्या में सोसाइटी के निवासियों एवं श्रद्धालुओं ने हिस्सा लेकर कर भगवान शिव का पूजन-अर्चन किया तथा धर्म और संस्कृति के इस पावन उत्सव के साक्षी बने।

महोत्सव के दौरान वैदिक आचार्यों के सान्निध्य में विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ यज्ञ, भव्य रथ यात्रा, प्राण-प्रतिष्ठा अनुष्ठान तथा विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। पूरे आयोजन में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। मंदिर परिसर भक्तों की उपस्थिति से खचाखच भरा रहा और वातावरण शिवभक्ति के रंग में सराबोर दिखाई दिया।

हर-हर महादेव‘ के जयघोष से गूंजा पूरा परिसर

समापन दिवस पर पूरा स्कार्डी ग्रीन्स परिसर “हर-हर महादेव” के जयघोष से गुंजायमान हो उठा। श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह और श्रद्धाभाव के साथ धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लिया। भक्ति, सेवा और सामूहिक सहभागिता ने पूरे आयोजन को एक दिव्य एवं यादगार स्वरूप प्रदान किया।

मंदिर को बनाया जाएगा और अधिक भव्य : राजकुमार शर्मा

इस अवसर पर स्कार्डी ग्रीन्स सोसाइटी के अध्यक्ष राजकुमार शर्मा ने कहा कि सोसाइटी परिसर स्थित भगवान भोलेनाथ मंदिर का भविष्य में और अधिक भव्य विस्तार एवं विकास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मंदिर को इस प्रकार विकसित किया जाएगा कि यह न केवल सोसाइटी, बल्कि आसपास के श्रद्धालुओं के लिए भी आस्था, आध्यात्मिकता और सांस्कृतिक चेतना का प्रमुख केंद्र बन सके।

सभी सहयोगियों के प्रति जताया आभार

एओए ने इस सफल आयोजन को संपन्न कराने में सहयोग देने वाले सभी निवासियों, स्वयंसेवकों, पुजारियों, आयोजन समिति के सदस्यों तथा प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से योगदान देने वाले सभी श्रद्धालुओं के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया। समिति ने कहा कि सभी के सहयोग, समर्पण और सामूहिक प्रयास से यह धार्मिक महोत्सव अत्यंत सफल एवं अविस्मरणीय बन सका।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!