गौरव बंसल को बड़ी जिम्मेदारी, आरडब्ल्यूए फेडरेशन गाजियाबाद के बने मीडिया प्रभारी
गुलमोहर एन्क्लेव के युवा सामाजिक कार्यकर्ता पर चेयरमैन आर.के. गर्ग ने जताया भरोसा
जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने की जिम्मेदारी सौंपी
NEWS1UP
एओए/आरडब्ल्यूए डेस्क
गाजियाबाद। आरडब्ल्यूए फेडरेशन गाजियाबाद की नई कार्यकारिणी के गठन के साथ ही संगठन को जनसंपर्क के स्तर पर मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। नवनिर्वाचित चेयरमैन आर.के. गर्ग ने गुलमोहर एन्क्लेव निवासी गौरव बंसल को फेडरेशन का मीडिया प्रभारी नियुक्त किया है। इस नियुक्ति को संगठन की जनहित गतिविधियों को व्यापक स्तर पर पहुंचाने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी माना जा रहा है।
निर्वाचन अधिकारी एवं वाणिज्य अधिकारी राधामोहन द्विवेदी द्वारा नई कार्यकारिणी की आधिकारिक सूची जारी किए जाने के बाद चेयरमैन आर.के. गर्ग ने यह घोषणा की। उन्होंने कहा कि गौरव बंसल फेडरेशन की नीतियों, विभिन्न कार्यक्रमों, जनहित से जुड़े अभियानों, आवासीय सोसायटियों की समस्याओं तथा संगठन की उपलब्धियों को मीडिया और आम नागरिकों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने का कार्य करेंगे।

जनसरोकारों की आवाज को मिलेगी नई मजबूती
गौरव बंसल ने नियुक्ति पर आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह इस जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा और पारदर्शिता के साथ निभाएंगे। उनका प्रयास रहेगा कि गाजियाबाद की आरडब्ल्यूए और आवासीय सोसायटियों से जुड़े जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाए तथा फेडरेशन और नागरिकों के बीच बेहतर संवाद स्थापित किया जाए।
उन्होंने बताया कि निर्वाचन प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद शीघ्र ही नई कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा। नई टीम शहर के नागरिकों, आरडब्ल्यूए और आवासीय सोसायटियों के हितों की रक्षा तथा उनकी समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय रूप से कार्य करेगी।
गुलमोहर एन्क्लेव में खुशी का माहौल
आर.के. गर्ग के फेडरेशन चेयरमैन बनने, फेडरेशन का नया कार्यालय गुलमोहर एन्क्लेव में स्थापित होने तथा गौरव बंसल को मीडिया प्रभारी बनाए जाने की घोषणा के बाद सोसायटी में उत्साह का माहौल है। पूर्व आरडब्ल्यूए अध्यक्ष रश्मि चौधरी ने इसे पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बताते हुए विश्वास जताया कि नई टीम शहर की आवासीय सोसायटियों के हितों की प्रभावी पैरवी करेगी।
आर.के. गर्ग और गौरव बंसल को नई जिम्मेदारियों के लिए पूर्व अध्यक्ष रश्मि चौधरी, कोषाध्यक्ष किंशुक बंसल, राजेश गर्ग, एडवोकेट राजकिशोर शर्मा, दिनेश सिंह, संत कुमार जैन, विशाल बिग, अरविंद संगल, प्रभात गर्ग सहित अनेक गणमान्य नागरिकों ने शुभकामनाएं दीं।
