[t4b-ticker]

बढ़े हुए हाउस टैक्स के खिलाफ अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे व्यापारी, नगर निगम से वार्ता बेनतीजा!

0
FF

बारिश भी नहीं रोक सकी विरोध

व्यापारियों और RWA फेडरेशन का ऐलान, मांगें पूरी होने तक नहीं हटेंगे धरने से

NEWS1UP

भूमेश शर्मा

गाजियाबाद। बढ़े हुए हाउस टैक्स के विरोध में गुरुवार को शहर के व्यापारियों और आरडब्ल्यूए ने नगर निगम के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। नवयुग मार्केट में संयुक्त व्यापार मंडल, आरडब्ल्यूए फेडरेशन गाजियाबाद और विभिन्न व्यापारी संगठनों के नेतृत्व में शुरू हुए अनिश्चितकालीन धरने के पहले दिन तेज बारिश भी आंदोलनकारियों का हौसला नहीं तोड़ सकी। सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक सैकड़ों व्यापारी, आरडब्ल्यूए पदाधिकारी और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि बारिश के बीच धरने पर डटे रहे और नगर निगम के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

धरने पर बैठे व्यापारियों ने मांग की कि नगर आयुक्त और महापौर खुद धरना स्थल पर पहुंचकर जनता से संवाद करें। हालांकि नगर निगम की ओर से अपर नगर आयुक्त अनुरुद्ध सिंह, कर अधीक्षक आर.पी. सिंह, जोनल अधिकारी सुशील प्रताप सिंह और जोनल अधिकारी चंद्रकांता वार्ता के लिए पहुंचे, लेकिन बातचीत किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी। इसके बाद व्यापारियों ने साफ ऐलान कर दिया कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।

आयोजक एवं व्यापारी नेता राज किशोर गुप्ता ने कहा कि हाउस टैक्स में की गई कई गुना बढ़ोतरी व्यापारियों और आम नागरिकों पर आर्थिक बोझ है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि नगर निगम ने जल्द जनहित में फैसला नहीं लिया तो आंदोलन को शहरव्यापी बनाया जाएगा।

आरडब्ल्यूए फेडरेशन के चेयरमैन आर.के. गर्ग ने कहा कि नगर निगम का नया टैक्स निर्धारण पूरी तरह अव्यावहारिक है। उन्होंने बताया कि गुलमोहर एन्क्लेव में वर्ष 2024 तक जहां एक फ्लैट पर करीब 2,500 रुपये हाउस टैक्स लगता था, वहीं अब यह बढ़कर 10 से 12 हजार रुपये तक पहुंच गया है। उन्होंने मांग की कि पुराने कर निर्धारण को आधार बनाकर ही नया टैक्स तय किया जाए।

धरने को आरडब्ल्यूए फेडरेशन, विभिन्न व्यापारी संगठनों और सामाजिक संस्थाओं का व्यापक समर्थन मिला। सरल पार्टी के अध्यक्ष अमित गुप्ता और विश्व बंधु गुप्ता ने भी आंदोलन को अपना समर्थन देते हुए कहा कि जनहित के इस मुद्दे पर वे व्यापारियों के साथ मजबूती से खड़े हैं।

धरने में आर.के. गर्ग, राज किशोर गुप्ता, गौरव गर्ग, मुनीन्द्र आर्या, राजू छाबड़ा, पूर्व पार्षद हिमांशु मित्तल, हरि मेहता, अभिषेक गर्ग, सतीश शर्मा, बाल किशन गुप्ता, अशोक भारतीय, देवेंद्र हितकारी, सुभाष छाबड़ा, सुनील चाचा, संतोष कुमार शर्मा, के.एल. मल्होत्रा, अंकित गुप्ता, संजीव गर्ग, रजनीश बंसल, संदीप बंसल, करमवीर नागर और गौरव बंसल सहित बड़ी संख्या में व्यापारी, आरडब्ल्यूए पदाधिकारी एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

धरना-प्रदर्शन के दौरान सिटी कोतवाली प्रभारी सचिन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर तैनात रहे। आंदोलन के समापन पर व्यापारियों ने घोषणा की कि शुक्रवार सुबह 11 बजे से नवयुग मार्केट में अनिश्चितकालीन धरना पहले से अधिक संख्या के साथ जारी रहेगा। उनका कहना है कि जब तक बढ़े हुए हाउस टैक्स को वापस लेने या उसमें जनहित के अनुरूप संशोधन का निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!