[t4b-ticker]

लैंडक्राफ्ट में युवक की संदिग्ध हालात में गिरकर मौत, सोसाइटी में मचा हड़कंप

0
FF

टावर 2A के पीछे मिला युवक, पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया

CCTV फुटेज खंगालने में जुटी पुलिस

NEWS1UP

संवाददाता

गाजियाबाद। NH-9 स्थित गोल्फ लिंक्स टाउनशिप की लैंडक्राफ्ट सोसाइटी में बुधवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब टावर नंबर 2A के पीछे एक युवक नीचे गिरा मिला। हादसे में युवक की मौत हो गई। उसकी उम्र करीब 18 से 20 वर्ष बताई जा रही है।

घटना सुबह करीब 9 बजे की बताई गई है। युवक के नीचे गिरने की सूचना मिलते ही सोसाइटी में हड़कंप मच गया। सिक्योरिटी स्टाफ ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस युवक को अस्पताल लेकर पहुंची, जहां उसकी मौत हो गई।

फिलहाल मृतक युवक की पहचान नहीं हो सकी है। लैंडक्राफ्ट AOA की अध्यक्ष दिव्या गर्ग ने बताया कि अभी यह भी स्पष्ट नहीं है कि युवक सोसाइटी का निवासी था या बाहर से यहां आया था। इसके अलावा यह भी पता नहीं चल पाया है कि युवक किस मंजिल से नीचे गिरा।

CCTV फुटेज से खुलेगा हादसे का राज

घटना की परिस्थितियों का पता लगाने के लिए पुलिस और सोसाइटी प्रबंधन की ओर से टावर नंबर 2A की लिफ्ट समेत आसपास लगे सभी CCTV कैमरों की फुटेज चेक की जा रही है। जांच का मुख्य फोकस यह पता लगाने पर है कि युवक सोसाइटी में कब और किस रास्ते से दाखिल हुआ तथा घटना से पहले वह किस स्थान पर मौजूद था।

कई सवालों के जवाब तलाश रही पुलिस

इस घटना ने सोसाइटी की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं। क्या युवक लैंडक्राफ्ट सोसाइटी का ही निवासी था या बाहर से किसी के यहां आया था ? वह टावर नंबर 2A तक कैसे पहुंचा ? वह किस फ्लोर पर गया था और आखिर किस मंजिल से नीचे गिरा ?

इन सवालों के जवाब CCTV फुटेज और पुलिस की जांच के बाद ही सामने आ सकेंगे। फिलहाल पुलिस युवक की पहचान कराने और घटना की पूरी परिस्थितियों का पता लगाने में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!