[t4b-ticker]

लैंडक्राफ्ट प्रकरण: मृतक की पहचान पंचवटी निवासी अर्पण के रूप में, CCTV में बस गेट से सोसाइटी में दाखिल होता दिखा

0
FFFF

दोस्त के फ्लोर तक जाने की पुष्टि नहीं, पुलिस खंगाल रही CCTV फुटेज

NEWS1UP

संवाददाता

गाजियाबाद। NH-9 स्थित गोल्फ लिंक्स टाउनशिप की लैंडक्राफ्ट सोसाइटी में युवक की गिरकर हुई मौत के मामले में पुलिस जांच में मृतक की पहचान अर्पण पुत्र मोहित गोयल के रूप में हुई है। अर्पण गाजियाबाद की पंचवटी कॉलोनी का रहने वाला बताया जा रहा है।

मिली जानकारी के मुताबिक अर्पण का एक दोस्त लैंडक्राफ्ट सोसाइटी के टावर नंबर 2A में रहता है। हालांकि, जिस फ्लोर पर उसका दोस्त रहता है, अर्पण के वहां तक पहुंचने की अभी CCTV या अन्य साक्ष्यों से पुष्टि नहीं हुई है।

बस गेट से सोसाइटी में दाखिल होता दिखा अर्पण

CCTV फुटेज की जांच में यह भी सामने आया है कि अर्पण सोसाइटी में स्कार्डी प्लाजा के सामने बने बस गेट से प्रवेश करता हुआ नजर आया है। इसके बाद वह टावर नंबर 2A की ओर गया और लिफ्ट के जरिए 25वीं मंजिल तक पहुंचता दिखाई दिया।

बताया जा रहा है कि टावर में कुल 28 मंजिल हैं। अब पुलिस बस गेट से प्रवेश करने के बाद अर्पण की पूरी गतिविधियों की CCTV फुटेज के जरिए कड़ी जोड़ने में जुटी है।

टावर 2A के पीछे मृत अवस्था में यहाँ मिला था अर्पण

पुलिस यह भी जांच कर रही है कि 25वीं मंजिल तक पहुंचने के बाद अर्पण कहां गया और वह टावर के पीछे कैसे गिरा। टावर के विभिन्न हिस्सों और लिफ्ट की CCTV फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि घटना से पहले अर्पण के साथ कोई अन्य व्यक्ति था या नहीं।

फिलहाल जांच का सबसे अहम सवाल यही बना हुआ है कि बस गेट से सोसाइटी में दाखिल होने के बाद 25वीं मंजिल तक पहुंचा अर्पण आखिर टावर के पीछे कैसे गिरा और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई। पुलिस इसी पूरी कड़ी को जोड़ने में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!