विधायक कॉलोनी में चोरों का आतंक, CCTV में कैद हुई बाइक चोरी की वारदात
NEWS1UP
संवाददाता
गाजियाबाद। इंदिरापुरम स्थित विधायक कॉलोनी में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से निवासियों में भय और असुरक्षा का माहौल है। हाल की घटनाओं ने कॉलोनी की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जानकारी के अनुसार प्लॉट नंबर 128 से रात के समय पल्सर मोटरसाइकिल संख्या UP14GN7634 चोरी कर ली गई। वहीं प्लॉट नंबर 125-126 से पानी की मोटर और प्लॉट नंबर 34 से भी पानी की मोटर चोरी होने की घटनाएं सामने आई हैं।
सबसे अहम बात यह है कि बाइक चोरी की पूरी वारदात CCTV कैमरे में कैद हुई है। फुटेज में दो चोर नजर आ रहे हैं, जो बेहद आसानी से बाइक को चोरी कर मौके से फरार हो जाते हैं। CCTV फुटेज पुलिस के लिए आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी में अहम सुराग साबित हो सकती है।
लगातार चोरी की घटनाओं के बावजूद यदि अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होती है तो यह कॉलोनीवासियों की सुरक्षा के लिए गंभीर चिंता का विषय है। आरडब्ल्यूए ने पुलिस से रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर तत्काल अंकुश लगाने की मांग की है।
विधायक कॉलोनी आरडब्ल्यूए अध्यक्ष अनुपम शुक्ल ने एसीपी इंदिरापुरम को शकायती पत्र लिखकर मांग की है कि सभी घटनाओं में FIR दर्ज कर प्रभावी जांच की जाए तथा CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर चोरी की गई मोटरसाइकिल और अन्य सामान की जल्द बरामदगी सुनिश्चित की जाए।
