जालौन में गरजे राकेश टिकैत: किसान की आय नहीं बढ़ी, कर्ज का बोझ बढ़ा
बुंदेलखंड के लिए मांगा विशेष पैकेज
NEWS1UP
संवाददाता
उरई। जालौन की गल्ला मंडी में आयोजित किसान महापंचायत में किसान नेता राकेश टिकैत ने अतिवृष्टि से बर्बाद फसलों, किसानों की आर्थिक बदहाली, कर्जमाफी और बुंदेलखंड के लिए अलग आर्थिक पैकेज की मांग उठाई।
टिकैत ने कहा कि किसानों की आय दोगुनी करने का लक्ष्य पूरा होने के बजाय कर्ज का बोझ बढ़ता गया। उन्होंने अतिवृष्टि और जलभराव से खरीफ फसलों को हुए नुकसान का तत्काल सर्वे कराकर प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा देने की मांग की। जालौन में हाल की बारिश से उर्द, मूंग और तिल जैसी फसलों के प्रभावित होने की रिपोर्ट भी सामने आई है।
कर्जमाफी से लेकर MSP तक उठी आवाज
महापंचायत में किसानों की कर्जमाफी, लाभकारी फसल मूल्य, प्रभावी MSP व्यवस्था और स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशों के अनुरूप मूल्य की मांग प्रमुख रही। टिकैत ने कहा कि खेती से पर्याप्त आमदनी नहीं होने के कारण बुंदेलखंड में पलायन की स्थिति बनी हुई है।
बुंदेलखंड के लिए अलग आर्थिक पैकेज की मांग
टिकैत ने कहा कि बुंदेलखंड की भौगोलिक और कृषि परिस्थितियां अन्य क्षेत्रों से अलग हैं। इसलिए क्षेत्र के लिए विशेष आर्थिक पैकेज घोषित किया जाना चाहिए। उन्होंने खनिज और प्राकृतिक संसाधनों से होने वाली आर्थिक गतिविधियों में स्थानीय किसानों, मजदूरों और युवाओं की भागीदारी तथा भूमि अधिग्रहण में उचित मुआवजे की मांग भी रखी।
