September 26, 2026
[t4b-ticker]

यूपी में बारिश का कहर: 117 मकान ढहे, 15 लोगों की मौत

0
FF

प्रतीकात्मक इमेज

48 घंटे की लगातार बारिश से तबाही

फसलों को भारी नुकसान, कई जिलों में जलभराव और यातायात प्रभावित

NEWS1UP

भूमेश शर्मा

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में पिछले 48 घंटे से जारी तेज बारिश और हवाओं ने व्यापक तबाही मचा दी है। प्रदेश में 117 मकानों के ढहने और वर्षाजनित हादसों में 15 लोगों की मौत की सूचना है। कई जिलों में कच्चे मकान और दीवारें गिरने से लोग मलबे में दब गए, जबकि पेड़ गिरने से भी जान गई है। लखनऊ के पुराने शहर स्थित हुसैनाबाद के ऐतिहासिक गेट का हिस्सा भी बारिश के बीच गिर गया। अयोध्या में राम पथ, राम मंदिर, हनुमानगढ़ी, कनक भवन और सरयू क्षेत्र में भी तेज बारिश और हवाओं के कारण आवागमन प्रभावित हुआ।

लखीमपुर में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत

लखीमपुर खीरी के रहमत नगर गांव में कच्ची दीवार ढहने से मोहन कश्यप (50), उनकी पत्नी कविता (45) और छह वर्षीय बेटे अनिल की मौत हो गई। अमेठी में दीवार गिरने से ऊषा देवी की जान चली गई। बाराबंकी में भी कच्ची दीवार ढहने से सुनीता देवी की मौत हुई। वहीं सड़क किनारे पेड़ गिरने से संजय वर्मा की जान चली गई।

फतेहपुर में करीब 10 कच्चे मकान ढहने की सूचना है। एक हादसे में दो सगे भाई मलबे में दब गए, जिसमें आठ वर्षीय बच्चे की मौके पर मौत हो गई, जबकि उसका 11 वर्षीय भाई गंभीर रूप से घायल हुआ।

गंगा एक्सप्रेसवे पर भी जलभराव, यातायात प्रभावित

उन्नाव में बशीरतगंज टोल प्लाजा के पास गंगा एक्सप्रेसवे पर भारी जलभराव हो गया है। सड़क पर पानी भरने से वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। लगातार बारिश के बीच एक्सप्रेसवे पर जलभराव ने यातायात व्यवस्था और सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

फर्रुखाबाद में सामान्य से 200 गुना ज्यादा बारिश

राहत आयुक्त के अनुसार प्रदेश के 63 जिलों में सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई है। पिछले 24 घंटों में राज्य में सामान्य से करीब 19 गुना अधिक वर्षा हुई। फर्रुखाबाद में सामान्य से 200 गुना, कानपुर नगर में 160 गुना तथा कन्नौज, कानपुर देहात और हरदोई में सामान्य से 130 गुना अधिक बारिश दर्ज की गई।

लखनऊ में 21 घंटे में 125.8 मिमी बारिश दर्ज की गई। तेज हवाओं से ग्रामीण क्षेत्रों में फसलों को भी व्यापक नुकसान पहुंचा है।

सरकार अलर्ट, जिलाधिकारियों को निगरानी के निर्देश

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रभावित जिलों के जिलाधिकारियों को अलर्ट रहने, प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने और राहत व्यवस्था की निगरानी के निर्देश दिए हैं। कई जिलों में स्कूल बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं। प्रशासन ने कई जिलों को अचानक बाढ़ की दृष्टि से संवेदनशील माना है।

मौसम विभाग ने लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने तथा पेड़ों, खुले क्षेत्रों और जलाशयों से दूर रहने की सलाह दी है।

लखनऊ में बारिश-जलभराव की शिकायत के लिए हेल्पलाइन

लखनऊ नगर निगम ने बारिश और जलभराव से जुड़ी शिकायतों के लिए टोल-फ्री नंबर 1533 जारी किया है। इसके अलावा 9219902911, 9219902912, 9219902913 और 9219902914 पर भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!