लैंडक्राफ्ट गोल्फ लिंक्स टाउनशिप की बिजली काटी, 3500 परिवार बेहाल!
शनिवार दोपहर करीब 2 बजे विद्युत विभाग ने की कार्रवाई
डीजी के सहारे चली टाउनशिप, रविवार तक भुगतान के आश्वासन पर आपूर्ति बहाल करने की कवायद
NEWS1UP
संवाददाता
गाजियाबाद। एनएच-9 स्थित लैंडक्राफ्ट गोल्फ लिंक्स टाउनशिप की बिजली बकाया बिल के चलते काट दी गई। शनिवार दोपहर करीब 2 बजे विद्युत विभाग ने बिजली आपूर्ति बंद कर दी, जिसके बाद टाउनशिप में हड़कंप मच गया।
1.20 करोड़ का बिजली बिल बकाया
जोन-1 के मुख्य अभियंता पवन कुमार गोयल के मुताबिक, लैंडक्राफ्ट डेवलपर्स पर करीब 1.20 करोड़ रुपये का विद्युत बिल बकाया है। विभाग की ओर से पिछले एक सप्ताह से कई बार बकाया जमा कराने को कहा गया, लेकिन भुगतान नहीं होने पर कनेक्शन काटने की कार्रवाई की गई।
आश्वासन के बाद आपूर्ति बहाल करने की बात
मुख्य अभियंता के अनुसार, रविवार तक बकाया बिल जमा कराने के आश्वासन के बाद बिजली आपूर्ति शुरू करने की प्रक्रिया की जा रही है। हालांकि, खबर लिखे जाने तक टाउनशिप में बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हुई थी।
साढ़े तीन हजार परिवार डीजी पर निर्भर
बिजली कटने के बाद टाउनशिप की लैंडक्राफ्ट, आशियाना ली रेजीडेंसी, SKARDI ग्रीन्स और विला-प्लॉट के करीब साढ़े तीन हजार परिवारों को जनरेटर यानी डीजी सेट पर निर्भर रहना पड़ा। अचानक बिजली कटने से निवासियों में भारी आक्रोश है। लोगों का सवाल है कि डेवलपर के बकाये की कीमत आखिरकार निवासी क्यों चुकाएं ?
