किडनी मरीज की गुहार पर डीएम रविन्द्र कुमार मॉंदड़ ने दिखाई संवेदनशीलता
जनसुनवाई में फरियादी ने सुनाई दर्दभरी दास्तान
डीएम ने तत्काल अंत्योदय कार्ड और आयुष्मान कार्ड बनवाने के दिए निर्देश
NEWS1UP
भूमेश शर्मा
गाजियाबाद। कलेक्ट्रेट में शनिवार को आयोजित जनसुनवाई में उस समय मानवीय संवेदनशीलता देखने को मिली, जब अर्थला निवासी किडनी रोग से पीड़ित एक व्यक्ति अपनी परेशानी लेकर जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ के सामने पहुंचा। बीमारी और आर्थिक संकट से जूझ रहे फरियादी ने प्रशासन से मदद की गुहार लगाई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएम ने तत्काल संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए। फरियादी का अंत्योदय कार्ड बनवाने के साथ आयुष्मान कार्ड बनाने की प्रक्रिया शुरू कराने को कहा गया। इतना ही नहीं, जिलाधिकारी ने पीड़ित को आवास उपलब्ध कराने के लिए भी आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

डीएम बोले, कोई और परेशानी हो तो बताएं
फरियादी की स्थिति सुनने के बाद जिलाधिकारी ने संवेदनशीलता दिखाते हुए कहा कि यदि कोई अन्य समस्या भी है तो प्रशासन को अवगत कराएं। डीएम के निर्देश के बाद फरियादी को सरकारी कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया तेज हुई।
जनसुनवाई में उमड़ी फरियादियों की भीड़
जनसुनवाई में भूमि विवाद, राजस्व, अवैध कब्जे, पेंशन, राशन, आवास, बिजली और पेयजल से जुड़ी शिकायतें भी सामने आईं। डीएम ने सभी संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने साफ कहा कि शिकायतों को केवल दर्ज करना पर्याप्त नहीं है। मामले की वास्तविक जांच, नियमानुसार कार्रवाई और शिकायतकर्ता को कार्रवाई की जानकारी देना अधिकारियों की जिम्मेदारी है।
पात्र व्यक्ति योजनाओं से वंचित न रहे
डीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र और जरूरतमंद लोगों तक प्राथमिकता के आधार पर पहुंचाया जाए। जिन मामलों में मौके पर जांच जरूरी है, वहां अधिकारी स्वयं स्थलीय निरीक्षण कर कार्रवाई सुनिश्चित करें।
जनसुनवाई में एडीएम ई, एडीएम सिटी, एडीएम जे सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
