September 26, 2026
[t4b-ticker]

ट्रेड शो में जेन अल्फा की ‘दुनिया’

0
FF

100 से ज्यादा स्कूली विद्यार्थियों ने संभाली देशों की कमान, WTO से AI तक पर हुआ मंथन

किताबों से निकलकर ग्लोबल डिप्लोमेसी के मंच पर पहुंची नई पीढ़ी

NEWS1UP

 भूमेश शर्मा

ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 में शनिवार को कारोबार और उद्योग के बीच भविष्य की एक अलग तस्वीर दिखाई दी। इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजित ‘विकसित भारत मॉडल यूनाइटेड नेशंस’ में 14 स्कूलों के 100 से अधिक विद्यार्थियों ने कुछ घंटों के लिए दुनिया के अलग-अलग देशों की कमान संभाल ली।

कक्षा 9 से 12 के इन विद्यार्थियों ने केवल भाषण नहीं दिए, बल्कि संबंधित देशों की आर्थिक और व्यापारिक नीतियों को समझकर उनका पक्ष रखा। विश्व व्यापार, ग्लोबल सप्लाई चेन, डिजिटल ट्रेड, ई-कॉमर्स, ऑटोमेशन और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे विषयों पर हुई बहस ने MUN को एक वास्तविक अंतरराष्ट्रीय मंच का रूप दे दिया।

यहां ‘अपनी राय’ नहीं, देश की नीति बोलनी थी

MUN की सबसे बड़ी चुनौती यही थी कि विद्यार्थियों को अपनी व्यक्तिगत सोच के बजाय उस देश का पक्ष रखना था, जिसका प्रतिनिधित्व उन्हें मिला था। इसके लिए उन्हें उस देश की अर्थव्यवस्था, व्यापार नीति और वैश्विक हितों को समझना पड़ा। यानी मंच पर सवाल सिर्फ यह नहीं था कि ‘आप क्या सोचते हैं ?’, बल्कि यह था कि ‘आप जिस देश का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं, वह क्या सोचता है ?’

यही अभ्यास विद्यार्थियों को कूटनीति, शोध, तर्क, बातचीत और सहमति निर्माण की वास्तविक प्रक्रिया से रूबरू कराता नजर आया।

‘विकसित भारत 2047’ के लिए कैसी होगी नई पीढ़ी ?

MUN का केंद्रीय विषय ‘विकसित भारत 2047’ रहा। चर्चा में यह समझने का प्रयास हुआ कि बदलती वैश्विक अर्थव्यवस्था में भारत की भूमिका क्या होगी और तकनीक, व्यापार तथा आपूर्ति शृंखला में आने वाले बदलाव देश की अर्थव्यवस्था को किस तरह प्रभावित कर सकते हैं।

AI और ऑटोमेशन पर चर्चा ने भविष्य की नौकरियों, उत्पादन और व्यापार व्यवस्था से जुड़े सवाल भी विद्यार्थियों के सामने रखे।

ट्रेड शो बना ‘लाइव क्लासरूम’

MUN के बाद विद्यार्थियों ने ट्रेड शो में उत्तर प्रदेश सरकार के विभिन्न पवेलियन का भी भ्रमण किया। उद्योग, निवेश, निर्यात, तकनीक, हस्तशिल्प और संस्कृति से जुड़ी गतिविधियों को करीब से देखने का मौका मिला। इस तरह विद्यार्थियों के लिए ट्रेड शो सिर्फ प्रदर्शनी नहीं रहा, बल्कि क्लासरूम की पढ़ाई को वैश्विक बाजार की वास्तविक दुनिया से जोड़ने वाला मंच बन गया।

सम्मान भी मिला, अनुभव भी

बेहतर प्रतिनिधित्व और प्रभावी भागीदारी के लिए विद्यार्थियों को ‘बेस्ट डेलीगेट’, ‘हाई कमेंडेशन’ और ‘स्पेशल मेंशन’ जैसे सम्मान दिए गए। सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम में रायन इंटरनेशनल स्कूल, एस्टर पब्लिक स्कूल, स्पर्श इंटरनेशनल स्कूल, जेएम इंटरनेशनल स्कूल, खेतान स्कूल, भारत राम ग्लोबल स्कूल, दिल्ली पब्लिक स्कूल, नारायणा स्कूल, असीसी कॉन्वेंट स्कूल, एमसी गोपीचंद इंटर कॉलेज, जागरण पब्लिक स्कूल और समरविल स्कूल समेत विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत जिला विद्यालय निरीक्षक, गौतम बुद्ध नगर चंद्रशेखर के स्वागत उद्बोधन से हुई। रायन इंटरनेशनल स्कूल, ग्रेटर नोएडा की प्रधानाचार्या सुधा सिंह ने उनका सम्मान किया।

एक दिन के ‘राजनयिक’, भविष्य के ग्लोबल लीडर ?

ट्रेड शो के मंच पर शनिवार को ये विद्यार्थी देशों के प्रतिनिधि थे। कोई व्यापार नीति पर तर्क दे रहा था, कोई AI पर अपनी स्थिति स्पष्ट कर रहा था और कोई वैश्विक सप्लाई चेन पर अपने देश के हितों की बात कर रहा था। शायद यही इस आयोजन की सबसे बड़ी तस्वीर थी, आज की जेन अल्फा सिर्फ दुनिया को पढ़ नहीं रही, बल्कि उसे समझने और भविष्य की दिशा पर संवाद करने की तैयारी भी कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!